Google Map Location Sharing Feature: रास्ते खोजने और नई जगहों के बारे में जानने के लिए अक्सर आपने गूगल मैप्स का इस्तेमाल किया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गूगल मैप्स की मदद से आप चोरी हुए फोन को भी खोज सकते हैं। गूगल मैप्स के इस फीचर की मदद से एक व्यक्ति ने अपने पिता के चोरी हुए फोन और अन्य सामान को दो घंटे में वापस पा लिया और इस पूरे मामले को एक्स ( पहले ट्विटर) पर भी शेयर किया है। चलिए जानते हैं पूरा मामला, साथ ही गूगल मैप्स के इस फीचर के बारे में भी जानेंगे।
Google Map Location Sharing Feature
क्या है मामला?
तमिलनाडु के राज भगत पी ने दावा किया कि उनके पिता ट्रेन में नागरकोइल से त्रिची की यात्रा कर रहे थे, जब उनके पिता के साथ ट्रेन में चढ़े एक व्यक्ति ने उनका बैग और मोबाइल फोन चुरा लिया था। चोर ट्रेन से उतर गया लेकिन चोरी हुए मोबाइल को बंद नहीं किया। भगत के पिता ने उन्हें चोरी के बारे में सूचित करने के लिए दूसरे नंबर से फोन किया।
भगत ने इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों से मोबाइल को ट्रैक करने के लिए लोकेशन शेयरिंग एनेबल करने के लिए कहा। भगत ने दावा किया कि गूगल मैप्स पर लोकेशन से पता चल गया कि चोर ट्रेन ट्रैक के किनारे घूम रहा था। इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ चोर का पीछा किया और उसे ट्रैक किया। और चोर से फोन और बैग बरामद कर लिया।
Google मैप्स पर कैसे इनेबल करें लोकेशन शेयरिंग
बता दें कि गूगल मैप्स में लोकेशन शेयरिंग नाम से एक ऑप्शन मिलता है, जो आपको डिवाइस की लोकेशन को ट्रैक करने में मदद करता है। इसी फीचर का फायदा भगत को मिला और उन्होंने अपना फोन वापस पा लिया। आप भी लोकेशन शेयरिंग को ऑन कर सकते हैं।
- अपने फोन में गूगल मैप्स ओपन करें और अपनी प्रोफाइल आइकन पर जाएं।
- अब लोकेशन शेयरिंग ऑप्शन पर जाएं।
- यहां आपको कई लोगों के साथ लोकेशन शेयर करने का ऑप्शन मिलेगा।
- यूजर्स जब तक चाहें लोकेशन शेयर कर सकते हैं।
- "शेयर" पर टैप करें और गूगल मैप्स आपकी लोकेशन शेयर करना शुरू कर देगा।
