Lenovo New Tablet Launch: मूवीज, वेबसीरीज और स्पोर्ट कंटेंट देखने का असली मजा बड़ी स्क्रीन में ही आता है। अगर आप ऐसे यूजर हैं जो जमकर वीडियो स्ट्रीमिंग करते हैं तो आपके लिए गुड न्यूज है। दिग्गज कंपनी लेनोवो ने भारतीय बाजार में एक नया टैबलेट लॉन्च कर दिया है। लेनोवो के इस टैबलेट का नाम Lenovo Idea Tab है। अगर आप कम कीमत में टैबलेट खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। इस टैबलेट में आपको स्लीक डिजाइन देखने को मिलता है।
लेनोवो सस्ते टैबलेट में दे रहा है तगड़े फीचर्स। (फोटो क्रेडिट-Lenovo)
Lenovo Idea Tab की कीमत
लेनोवो ने इस टैबलेट को दो वेरिएंट में लॉन्च किया है। इसका पहला वेरिएंट Wi-Fi वाला है जबकि दूसरा वेरिएंट 5G फीचर्स के साथ आता है। इसका मतलब यह है कि यह नया टैबलेट सिम कार्ड को भी सपोर्ट करेगा। अगर आप Wi-Fi वाला मॉडल खरीदते हैं तो इसकी कीमत 16,999 रुपये है। अगर आप 5G वेरिएंट खरीद रहे हैं तो इसके लिए आपको 19,999 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
Lenovo Idea Tab के फीचर्स
अगर आप वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑफिस मीटिंग या फिर म्यूजिक सुनने जैसे काम के लिए टैबलेट लेना चाहते हैं तो इसकी तरफ जा सकते हैं। इस टैबलेट में कंपनी ग्राहकों को तगड़े फीचर्स देती है। आपको इसमें डेली रूटीन लाइफ के कामों में बेहतरीन परफॉर्मेंस देखने को मिलने वाली है। कंपनी ने इस टैबलेट में 10.61 इंच की बड़ी स्क्रीन दी है जिसमें 2560 x 1600 पिक्सल का रेजोल्यूशन मिलता है। इसकी डिस्प्ले 500 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है।
लेनोवो ने अपने यूजर्स की आंखों का भी ख्याल रखा है। टैबलेट की स्क्रीन को TÜV Rheinland द्वारा सर्टिफाइड Eye Care तकनीक से लैस किया गया है। इसलिए अगर आप काफी देर तक इसे इस्तेमाल करते हैं तो भी आपकी आंखों में किसी तरह की दिक्कत नहीं होने वाली है। आउट ऑफ द बॉक्स इस टैबलेट में एंड्रॉयड 15 का सपोर्ट मिलता है। कंपनी इसमें यूजर्स को 2 ओएस अपडेट और 4 साल तक की सिक्योरिटी अपडेट मिलने वाला है।
टैबलेट में मिलेगी दमदार परफॉर्मेंस
Lenovo Idea Tab के परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें कंपनी ने Snapdragon 695 5G प्रोसेसर दिया है। यह चिपसेट 2.2Ghz तक की क्लॉक स्पीड देता है। इसमें कंपनी ने 8GB तक की रैम और 256GB तक की स्टोरेज दी है। इसमें आपको मेमोरी कार्ड लगाने का भी ऑप्शन दिया गया है जिससे आप इसकी स्टोरेज को 2TB तक बढ़ा सकते हैं। इसके बैक पैनल में 8 मेगापिक्स का कैमरा दिया गया है। वहीं वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 5 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है।
एंटरटेनमेंट को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने इस टैबलेट में डॉल्बी एटमॉस फीचर के साथ क्वाड स्पीकर्स दिए हैं। इसे पॉवर देने के लिए इसमें 7,040mAh की बड़ी बैटरी मिलती है जिसे चार्ज करने के लिए 20W की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। कंपनी ने अपने इस टैबलेट को इस तरह से डिजाइन किया है जिससे सभी तरह के यूजर्स के लिए यूजफुल हो।
