अगर आप मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते हैं और सिर्फ कॉलिंग और SMS के लिए रिचार्ज कराते हैं, तो रिलायंस जियो आपके लिए नए प्लान लेकर आया है। कंपनी ने अपने ग्राहकों के लिए बिना इंटरनेट वाले यानी वॉयस-ओनली प्रीपेड प्लान लॉन्च किए हैं। इन प्लान में मोबाइल डेटा नहीं मिलेगा, लेकिन अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS की सुविधा जरूर मिलेगी। इनकी कीमत 147 रुपये से शुरू होती है और सबसे ज्यादा 336 दिनों तक की वैलिडिटी मिलती है।
जियो ने खत्म की यूजर्स की बड़ी टेंशन। (फोटो क्रेडिट-Digit)
एयरटेल और वीआई के बाद जियो ने भी ये प्लान TRAI के निर्देश के बाद पेश किए हैं। इनका मकसद ऐसे ग्राहकों को सस्ता रिचार्ज देना है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती और जो सिर्फ फोन पर बात करने और SMS भेजने के लिए सिम इस्तेमाल करते हैं।
6 वॉयस-ओनली प्लान्स हुए लॉन्च
जियो के पोर्टफोलियो में अब कुल 6 ऐसे रिचार्ज प्लान हैं, जिनमें इंटरनेट डेटा नहीं मिलता। इनमें चार प्लान कम दिनों की वैलिडिटी के साथ आते हैं, जबकि दो प्लान लंबी वैलिडिटी वाले हैं। सभी प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलती है। इसके अलावा प्लान के हिसाब से 300 से लेकर 3,600 SMS तक दिए जाते हैं। खास बात यह है कि 448 रुपये और 1,748 रुपये वाले प्लान में JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी मिलता है। यानी इन प्लान में कॉलिंग और SMS के साथ कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं।
147 रुपये और 177 रुपये वाले प्लान
अगर आप कम कीमत में रिचार्ज कराना चाहते हैं, तो जियो का 147 रुपये वाला प्लान एक विकल्प है। इस प्लान में 22 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 300 SMS दिए जाते हैं। इसमें इंटरनेट डेटा नहीं मिलता। वहीं, 177 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसमें भी अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS की सुविधा है। इस प्लान में भी इंटरनेट डेटा शामिल नहीं है।
इसकी तुलना जियो के 189 रुपये वाले प्लान से करें, तो दोनों में 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। लेकिन 177 रुपये वाला प्लान 12 रुपये सस्ता है। हालांकि, 189 रुपये वाले प्लान में 2GB इंटरनेट डेटा भी मिलता है, जबकि 177 रुपये वाले प्लान में सिर्फ कॉलिंग और SMS की सुविधा दी जाती है।
196 रुपये और 197 रुपये वाले प्लान
जियो के 196 रुपये वाले वॉयस-ओनली प्लान में 30 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसमें ग्राहकों को अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 300 SMS दिए जाते हैं। इस प्लान में इंटरनेट डेटा की सुविधा नहीं है। इसके अलावा कंपनी का 197 रुपये वाला प्लान भी है। इसमें पूरे कैलेंडर मंथ यानी महीने के हिसाब से वैलिडिटी मिलती है। इस प्लान में भी अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS मिलते हैं। इसमें भी मोबाइल इंटरनेट डेटा नहीं दिया जाता।
84 दिनों की वैलिडिटी
जो ग्राहक बार-बार रिचार्ज नहीं कराना चाहते, उनके लिए जियो का 448 रुपये वाला प्लान अच्छा विकल्प हो सकता है। इस प्लान में 84 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 1,000 SMS दिए जाते हैं। इसके अलावा ग्राहकों को JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी मिलता है। हालांकि, इस प्लान में भी मोबाइल इंटरनेट डेटा शामिल नहीं है।
336 दिनों तक की वैलिडिटी का ऑफर
जियो का सबसे लंबी वैलिडिटी वाला वॉयस-ओनली प्लान 1,748 रुपये का है। इसमें ग्राहकों को 336 दिनों यानी करीब 11 महीने तक की वैलिडिटी मिलती है। इस दौरान अनलिमिटेड कॉलिंग और कुल 3,600 SMS का फायदा मिलता है। इस प्लान के साथ भी JioTV और JioAICloud का एक्सेस दिया जाता है। यह प्लान उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है, जो पूरे साल के करीब एक बार रिचार्ज कराकर अपना नंबर चालू रखना चाहते हैं और जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं पड़ती।
