Apple ने इस बार अपनी नई iPhone 18 सीरीज में एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने iPhone 18 Pro और Pro Max के साथ स्टैंडर्ड iPhone 18 को लॉन्च नहीं किया। पहले माना जा रहा था कि चिप की कमी और मेमोरी की बढ़ती कीमतों के चलते Apple ने यह फैसला लिया है। लेकिन अब एक नई रिपोर्ट में लॉन्च टलने की दूसरी वजह सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके पीछे Samsung की भूमिका हो सकती है।
अपकमिंग आईफोन में यूजर्स को कई सारे नए अपडेट्स देखने को मिल सकते हैं।
दरअसल, Apple ने अपने कैमरा सेंसर की सप्लाई के लिए Sony की जगह Samsung के साथ काम करना शुरू किया है। ऐसे में सप्लायर बदलने और प्रोडक्शन की रफ्तार धीमी होने के कारण iPhone 18 के लॉन्च में देरी हुई। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
2027 तक टल सकता है iPhone 18 का लॉन्च
Apple आमतौर पर अपनी नई iPhone सीरीज में स्टैंडर्ड और Pro मॉडल एक साथ पेश करता रहा है। लेकिन इस बार कंपनी ने अपनी रणनीति बदल दी है। iPhone 18 Pro सीरीज को पहले बाजार में लाने की तैयारी है, जबकि स्टैंडर्ड iPhone 18 को 2027 तक के लिए टाल दिया गया है।
शुरुआत में इस फैसले के पीछे दुनिया भर में मेमोरी की बढ़ती कीमतों और चिप की कमी को वजह माना जा रहा था। हालांकि, जापान की एक पब्लिकेशन की नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Samsung के साथ सप्लाई चेन में बदलाव भी इसकी बड़ी वजह हो सकता है।
Samsung को क्यों दी गई कैमरा सेंसर की जिम्मेदारी?
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने पिछले साल जानकारी दी थी कि वह कैमरा सेंसर और डिस्प्ले से जुड़े काम के लिए Samsung के साथ साझेदारी करेगा। इससे पहले Apple के iPhone के लिए कैमरा सेंसर बनाने की जिम्मेदारी Sony के पास थी।
बताया जा रहा है कि 2026 की पहली तिमाही में Samsung ने Apple के लिए कैमरा सेंसर का प्रोडक्शन शुरू किया। किसी नए सप्लायर के साथ काम शुरू करने पर प्रोडक्शन को पूरी रफ्तार पकड़ने में समय लगता है। ऐसे में शुरुआती दौर में कैमरा सेंसर की सप्लाई प्रभावित हुई।
सप्लाई में कमी से प्रभावित हुआ प्रोडक्शन
नई रिपोर्ट के अनुसार, Samsung के साथ प्रोडक्शन शुरू होने के दौरान सप्लाई की रफ्तार कम रही। Apple नहीं चाहता था कि नई iPhone सीरीज लॉन्च होने के समय उसे कैमरा सेंसर की कमी का सामना करना पड़े। इसी वजह से कंपनी ने स्टैंडर्ड iPhone 18 को बाद में लॉन्च करने की रणनीति अपनाई। इससे Apple को प्रोडक्शन बढ़ाने और जरूरी कंपोनेंट्स की पर्याप्त सप्लाई जुटाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकता है।
मेमोरी की बढ़ती कीमतें भी हैं बड़ी वजह
iPhone 18 के लॉन्च में देरी के पीछे सिर्फ Samsung के साथ सप्लाई में बदलाव ही कारण नहीं है। मेमोरी की बढ़ती कीमतें और चिप की कमी भी Apple के लिए चुनौती बनी हुई हैं। स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों को इन दिनों जरूरी कंपोनेंट्स की कीमतों और उनकी उपलब्धता से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में Apple भी अपनी प्रोडक्शन और लॉन्च की योजना में बदलाव कर रहा है।
क्या महंगा हो सकता है iPhone 18?
चिप और मेमोरी की बढ़ती कीमतों का असर आने वाले स्मार्टफोन की कीमतों पर भी पड़ सकता है। iPhone 18 भी इससे अछूता रहेगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ साफ नहीं कहा जा सकता। हालांकि, अगर कंपोनेंट्स की कीमतें बढ़ती हैं और सप्लाई से जुड़ी परेशानियां बनी रहती हैं, तो इसका असर Apple की लागत पर पड़ सकता है। फिलहाल iPhone 18 की कीमत को लेकर कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है। इसके लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
