आज के समय में WhatsApp हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। सुबह उठते ही सबसे पहले मैसेज चेक करना हो या फिर दोस्तों, परिवार और ऑफिस के लोगों से बात करनी हो, WhatsApp हर जगह काम आता है। हम इस ऐप पर न सिर्फ पर्सनल बातें करते हैं, बल्कि जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो, वीडियो और बैंकिंग से जुड़ी जानकारियां भी शेयर कर देते हैं। ऐसे में WhatsApp चैट की सुरक्षा का ध्यान रखना बहुत जरूरी हो जाता है।
वॉट्सऐप यूजर्स को कई तरह के सिक्योरिटी फीचर्स देता है।
कई बार छोटी-सी लापरवाही की वजह से हमारी प्राइवेट चैट दूसरे लोगों तक पहुंच सकती है। अच्छी बात यह है कि WhatsApp में ऐसे कई काम के फीचर्स मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप अपनी चैट और पर्सनल जानकारी को सुरक्षित रख सकते हैं। आइए जानते हैं इन फीचर्स के बारे में, जिन्हें इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है।
चैट लॉक फीचर का इस्तेमाल करें
अगर आप चाहते हैं कि आपकी पर्सनल चैट कोई दूसरा व्यक्ति न पढ़ सके, तो WhatsApp का Chat Lock फीचर आपके काफी काम आ सकता है। इसकी मदद से आप किसी खास चैट को लॉक कर सकते हैं। इसके बाद उस चैट को खोलने के लिए फोन का पासवर्ड, फिंगरप्रिंट या फेस लॉक इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए संबंधित चैट की प्रोफाइल पर जाएं और Chat Lock का विकल्प चुनें। ऐसा करने से आपकी प्राइवेट बातचीत को एक अलग सुरक्षा मिल जाती है।
टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर करें ऑन
WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए Two-Step Verification फीचर काफी जरूरी है। इसे ऑन करने के बाद आपके अकाउंट में लॉगिन करने के लिए सिर्फ OTP काफी नहीं होगा, बल्कि एक 6 अंकों का PIN भी डालना पड़ेगा। इससे अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपका OTP मिल भी जाता है, तो उसके लिए आपका अकाउंट एक्सेस करना आसान नहीं होगा। इसे चालू करने के लिए Settings में जाकर Account और फिर Two-Step Verification पर टैप करें।
डिसअपीयरिंग मैसेज का करें इस्तेमाल
कुछ चैट ऐसी होती हैं, जिनमें हम नहीं चाहते कि मैसेज हमेशा के लिए सेव रहें। ऐसे में Disappearing Messages फीचर मददगार साबित हो सकता है। इसे ऑन करने पर तय समय के बाद मैसेज अपने आप गायब हो जाते हैं। आप 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का टाइम सेट कर सकते हैं। इस फीचर का इस्तेमाल उन बातचीत के लिए किया जा सकता है, जिन्हें लंबे समय तक चैट में रखने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, ध्यान रखें कि सामने वाला व्यक्ति मैसेज का स्क्रीनशॉट या दूसरी तरह से कॉपी सेव कर सकता है।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का रखें ध्यान
WhatsApp पर भेजे जाने वाले पर्सनल मैसेज और कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहते हैं। इसका मतलब है कि आपके मैसेज सिर्फ आप और उन्हें पाने वाला व्यक्ति ही पढ़ सकता है। WhatsApp भी सामान्य तौर पर इन मैसेज को पढ़ नहीं सकता। इसके अलावा, आप किसी खास चैट की Encryption जानकारी को चेक करके भी देख सकते हैं कि बातचीत सुरक्षित है या नहीं।
अनजान ग्रुप में जुड़ने से बचें
कई बार अनजान लोग हमें बिना पूछे WhatsApp ग्रुप में जोड़ देते हैं। ऐसे ग्रुप में फर्जी लिंक, स्पैम मैसेज और धोखाधड़ी से जुड़े मैसेज मिल सकते हैं। इससे बचने के लिए WhatsApp की Privacy Settings में जाकर Groups का विकल्प चुनें। यहां आप तय कर सकते हैं कि कौन आपको ग्रुप में जोड़ सकता है। बेहतर होगा कि इस सेटिंग को My Contacts या My Contacts Except पर रखें।
फिंगरप्रिंट या फेस लॉक से सुरक्षित करें WhatsApp
अगर आप चाहते हैं कि आपका पूरा WhatsApp ऐप ही बिना आपकी अनुमति के कोई न खोल सके, तो App Lock फीचर का इस्तेमाल करें। Android फोन में WhatsApp के अंदर Fingerprint Lock का विकल्प मिलता है। वहीं iPhone पर उपलब्ध ऐप लॉक सुविधा से Face ID या Touch ID के जरिए WhatsApp को सुरक्षित किया जा सकता है। इससे फोन किसी दूसरे के हाथ में होने पर भी आपकी चैट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
चैट बैकअप को भी रखें सुरक्षित
WhatsApp चैट का बैकअप रखना जरूरी है, ताकि फोन खोने या बदलने पर आपकी पुरानी बातचीत वापस मिल सके। लेकिन बैकअप की सुरक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए। WhatsApp में End-to-End Encrypted Backup का विकल्प मिलता है। इसे ऑन करने से Google Drive या iCloud में सेव होने वाले चैट बैकअप को भी अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। इसके लिए Settings में Chats और फिर Chat Backup पर जाकर End-to-End Encrypted Backup को चालू करें। अपना पासवर्ड या एन्क्रिप्शन की सुरक्षित जगह पर रखें।
