Google Messages Photomoji Feature: यदि आप एंड्रॉयड फोन यूजर्स हैं और गूगल मैसेज के पुराने इंटरफेस से ऊब गए हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। गूगल ने फोटोमोजी नामक एक नई सुविधा पेश की है, जो यूजर्स को मैसेजिंग के दौरान टेक्स्ट मैसेज में अपनी फोटो की इमोजी भेजने की सुविधा देता है। प्रारंभ में यह सुविधा विशेष रूप से बीटा टेस्टर के लिए उपलब्ध थी, आने वाले हफ्तों में यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
Google Messages Photomoji
क्या है फोटोमोजी?
गूगल मैसेज Photomoji यूजर्स को अपनी फोटो का उपयोग करके कस्टम इमोजी रिएक्शन बनाने और भेजने की सुविधा देती है। इसका मतलब है कि आप अपने चेहरे की अजीब अभिव्यक्ति वाली तस्वीर ले सकते हैं, अपने पसंदीदा पालतू जानवर की तस्वीर का उपयोग कर सकते हैं, या किसी ऐसी चीज का शॉट भी ले सकते हैं जो किसी मैसेज पर आपकी रिएक्शन के साथ फिट होता है।
कुल मिलाकर इस फीचर की मदद से आप किसी भी फोटो को इमोजी में बदल सकते हैं और अपने दोस्तों रिश्तेदारों के साथ शेयर कर सकते हैं। यानी अपने फेसियल एक्सप्रेशन वाले इमोजी से यूजर्स मैसेजिंग को मजेदार बना सकते हैं। यह फीचर आपको अपनी रिएक्शन को सटीक रूप से कैप्चर करने के लिए रियल-लाइफ इमेज का उपयोग करने की सुविधा भी देती है।
एक साथ बना सकेंगे 30 फोटोमोजी
फोटोमोजी केवल एक निश्चित प्रकार की चैट में काम करता है, जिसे आरसीएस यानी रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज चैट कहा जाता है। आप एक बार में 30 फोटोमोजी तक बना सकते हैं और रख सकते हैं। साथ ही आप ऐप में विशेष "फोटोमोजी" सेक्शन से चाहें तो उन्हें बदल या हटा सकते हैं। यदि आप इस फीचर का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो गूगल प्ले स्टोर से अपने ऐप को अपडेट कर लें। बता दें कि इस फीचर को धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। ऐसे में आपको एक फीचर को एक्सेस करने में समय लग सकता है।
