आज के समय में ज्यादातर लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। सोशल मीडिया से लेकर बैंकिंग और ऑनलाइन शॉपिंग तक, लगभग हर काम के लिए अलग-अलग अकाउंट बनाने पड़ते हैं। ऐसे में हर अकाउंट का पासवर्ड याद रखना आसान नहीं होता। यही वजह है कि लोग Google Chrome के Password Manager में अपने पासवर्ड सेव कर लेते हैं।
आप कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपने पासवर्ड की सिक्योरिटी को बढ़ा सकते हैं।
इस फीचर से बार-बार पासवर्ड डालने की जरूरत नहीं पड़ती और लॉगिन करना भी आसान हो जाता है। लेकिन इसमें एक खतरा भी छिपा है। अगर आपका फोन या लैपटॉप किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में चला जाए और डिवाइस अनलॉक हो, तो वह आपके सेव पासवर्ड तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है। इससे आपकी निजी जानकारी और ऑनलाइन अकाउंट की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
हालांकि, Google Chrome में पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए डिवाइस लॉक और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसे ऑप्शन मिलते हैं। इनकी मदद से पासवर्ड देखने या ऑटोफिल करने से पहले आपकी पहचान को वेरिफाई किया जा सकता है। आइए जानते हैं PC और स्मार्टफोन में इस सुरक्षा फीचर को कैसे चालू करें।
PC और लैपटॉप में ऐसे लगाएं सिक्योरिटी लॉक
अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो सेव पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए ये आसान स्टेप्स अपनाएं।
- सबसे पहले अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में Google Chrome खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट्स पर क्लिक करें।
- अब Passwords and Autofill के ऑप्शन पर जाएं।
- यहां Google Password Manager को ओपन करें।
- इसके बाद बाईं तरफ मौजूद Settings पर क्लिक करें।
- अब Use Windows Hello when filling passwords या Use device lock का विकल्प तलाशें।
- अब आपको इस ऑप्शन को ऑन करना होगा और जरूरत पड़ने पर डिवाइस की पहचान को भी वेरिफाई करना होगा।
इसके बाद पासवर्ड देखने या ऑटोफिल करने के दौरान Chrome आपके कंप्यूटर का PIN, पासवर्ड या फिंगरप्रिंट मांग सकता है। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके सेव पासवर्ड देखना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे सुरक्षित रखें अपने सेव पासवर्ड
अगर आप मोबाइल में Google Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो यहां भी पासवर्ड की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए आपको बताते हैं कि इसे कैसे एक्टिव करना है।
- अपने स्मार्टफोन में Google Chrome ऐप खोलें।
- ऊपर दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करके Settings में जाएं।
- अब Password Manager के ऑप्शन को चुनें।
- स्क्रीन पर दिखाई देने वाले सेटिंग्स आइकन पर टैप करें।
- यहां Biometric authentication या Use screen lock का विकल्प देखें। इस फीचर को ऑन कर दें।
- जरूरत पड़ने पर अपने फोन के फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या स्क्रीन लॉक से इसको कंफर्म करें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
- अपना फोन या लैपटॉप किसी दूसरे व्यक्ति को देते समय उसे अनलॉक छोड़कर न जाएं।
- साइबर कैफे या किसी सार्वजनिक कंप्यूटर पर अपना Google अकाउंट लॉगिन करने से बचें।
- अगर किसी दूसरे डिवाइस पर अकाउंट लॉगिन करना जरूरी हो, तो काम पूरा होने के बाद लॉगआउट जरूर करें।
- अपने Google अकाउंट में मजबूत और अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
- अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें।
- अपना फोन या लैपटॉप इस्तेमाल न करते समय स्क्रीन लॉक जरूर रखें।
