दुनियाभर में स्मार्टफोन की बिक्री को लेकर इस साल तीसरी तिमाही में बिक्री में कमी दर्ज की गई। इंटरनेशनल मार्केट में स्मार्टफोन शिपमेंट में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। मोबाइल मेमोरी की बढ़ती कीमतों और दूसरे जरूरी कंपोनेंट्स की लागत बढ़ने से स्मार्टफोन कंपनियों पर दबाव देखने को मिला है। हालांकि, इस मुश्किल दौर में Apple के iPhone की डिमांड पहले से मजबूत हुई है।
भारतीय बाजार में एंड्रॉयड स्मार्टफोन की हिस्सेदारी अब भी सबसे ज्यादा है। (फोटो क्रेडिट-Digit)
मार्केट रिसर्च फर्म Counterpoint की रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरी तिमाही में स्मार्टफोन मार्केट में पिछले साल के मुकाबले 16 प्रतिशत कम शिपमेंट हुई। वहीं, पिछली तिमाही की तुलना में भी इसमें 11 प्रतिशत की गिरावट आई है। मोबाइल मेमोरी की कमी और महंगे होते प्रीमियम स्मार्टफोन इसकी बड़ी वजह माने जा रहे हैं।
Android स्मार्टफोन की हिस्सेदारी में आई कमी
तीसरी तिमाही में दुनियाभर में बिकने वाले स्मार्टफोन में Android की हिस्सेदारी करीब 74 प्रतिशत रही। पिछले साल इसी अवधि में यह हिस्सेदारी 79 प्रतिशत थी। यानी Android स्मार्टफोन की हिस्सेदारी में करीब पांच प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, Android स्मार्टफोन की रेंज हर बजट में उपलब्ध है, लेकिन बढ़ती लागत का असर इस सेगमेंट पर भी पड़ा है। दूसरी ओर, Vivo, Xiaomi और Oppo ने अपने नए फ्लैगशिप फोन लॉन्च किए। Samsung के फोल्डेबल स्मार्टफोन्स को भी बाजार में पेश किया गया। इन नए मॉडल्स की वजह से बिक्री में गिरावट को कुछ हद तक रोकने में मदद मिली।
iPhone की डिमांड में हुई बढ़ोतरी
स्मार्टफोन मार्केट में Apple के लिए तीसरी तिमाही बेहतर रही। iOS की हिस्सेदारी बढ़कर 21 प्रतिशत पहुंच गई, जो इस अवधि में सबसे ज्यादा रही। Apple के iPhone की बिक्री में सालाना आधार पर करीब दो प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी में सितंबर में लॉन्च हुई iPhone 18 Pro सीरीज की अहम भूमिका बताई गई है। खास बात यह है कि स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के बावजूद ग्राहक iPhone खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इससे पता चलता है कि प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में Apple की पकड़ मजबूत बनी हुई है।
Huawei की बिक्री में 12% का इजाफा
चीन की स्मार्टफोन कंपनी Huawei के लिए भी तीसरी तिमाही अच्छी रही। कंपनी की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। Huawei Enjoy 90 Pro Max और Mate 80 सीरीज को ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। हालांकि, चीन के पूरे स्मार्टफोन बाजार की तस्वीर कुछ अलग रही। यहां तीसरी तिमाही में स्मार्टफोन की बिक्री में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान चीन में Android स्मार्टफोन की हिस्सेदारी बढ़कर 60 प्रतिशत हो गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 58 प्रतिशत थी।
अमेरिका में iPhone की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। तीसरी तिमाही में वहां कुल स्मार्टफोन बिक्री में iPhone की हिस्सेदारी 54 प्रतिशत रही। पिछली तिमाही में यह आंकड़ा करीब 51 प्रतिशत था। वहीं, भारत में Android स्मार्टफोन का दबदबा अब भी कायम है। देश में कुल स्मार्टफोन बिक्री में Android की हिस्सेदारी 92 प्रतिशत रही। इससे साफ है कि भारतीय ग्राहक अभी भी बड़े पैमाने पर Android स्मार्टफोन को पसंद कर रहे हैं।
