TikTok in India: करीब 5 साल पहले गलवान घाटी में हुए विवाद के बाद भारत सरकार की तरफ से चीन के कई सारे ऐप्स पर बैन लगा दिया गया था। जिन ऐप्स को बैन किया गया था उसमें पॉपुलर शॉर्ट विडियो मेकिंग ऐप TikTok भी था। लंबे समय बाद भारत में यह चीनी ऐप एक बार फिर से सुर्खियों में छा गया है। कुछ यूजर्स की तरफ से इसकी वेबसाइट के ओपन होने की बात कही गई थी लेकिन, अब इसे लेकर सारी चीजें स्पष्ट हो गई हैं। सरकारी सूत्रों ने टिकटॉक को अनब्लॉक करने की खबरों को झूठा और भ्रामक करार दिया है।
पॉपुलर शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप टिकटॉक पर पांच साल पहले बैन लगा दिया गया था। (फोटो क्रेडिट-Digit)
टिकटॉक से प्रतिबंध हटाने की सच्चाई
सरकारी सूत्रों की मानें तो इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने उन रिपोर्ट्स का खंडन किया है जिसमें चाइनीज ऐप TikTok से प्रतिबंध हटाने की बात कही गई है। आधिकारिक सूत्रों ने स्पष्ट किया कि भारत में टिकटॉक के लिए किसी भी तरह से अनब्लॉकिंग के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक टिकटॉक के अनब्लाकिंग को लेकर किसी भी तरह की खबर झूठी और भ्रामक है।
गूगल प्ले स्टोर पर नहीं है ऐप
कुछ यूजर्स TikTok की वेबसाइट को ओपन तो कर पा रहे थे लेकिन वे इसमें लॉगिन करने या फिर वीडियो अपलोड करने में असमर्थ थे। भारत में अभी भी यह शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर या फिर ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। दूरसंचार विभाग के सूत्रों की मानें तो इंटरनेट सर्विस देने वाली कंपनियों ने इस वेबसाइट को ब्लॉक कर रखा है।
5 साल पहले लगा था बैन
आपको बता दें कि 15-16 जून 2020 को गलवान घाटी में हुए विवाद के बाद भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई सारे चीनी ऐप्स पर बैन लगा दिया था। केंद्रीय मंत्रालय की तरफ से 59 मोबाइल ऐप्स को पूरी तरह से बैन कर दिया था। इसी लिस्ट में टिकटॉक, वीचैट और हेलो जैसे कई सारे पॉपुलर ऐप्स शामिल थे।
