टेक एंड गैजेट्स

सरकार की सख्ती के बाद गेमिंग ऐप ने समेटा अपना कारोबार! Dream11, MPL, Zupee पर फंसा है पैसा तो जानें कैसे निकालें

मोबाइल प्रीमियर लीग (एमपीएल) और गेम्सक्राफ्ट जैसे अन्य आरएमजी प्लेटफॉर्म ने भी अपने प्लेटफॉर्म पर पैसे से संबंधित गेमिंग ऑफरिंग को सस्पेंड कर दिया है और ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि वे अपनी शेष राशि आसानी से निकाल सकते हैं। यहां हम फंसा हुआ पैसा निकालने का तरीका बता रहे हैं।

Image

ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेगुलेशन) बिल, 2025 ने Dream11, MPL, Zupee जैसी कंपनियों की मुसीबत बढ़ा दी है।

Online Gaming Apps: संसद से ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेगुलेशन) बिल, 2025 पास होने के बाद ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर सख्ती शुरू हो गई है। भारत ड्रीम स्पोर्ट्स, गेम्सक्राफ्ट, मोबाइल प्रीमियर लीग (एमपीएल) और जूपी जैसी भारत की प्रमुख रियल मनी गेमिंग (आरएमजी) कंपनियों ने इस बिल के पारित किए जाने के बाद, अपने प्लेटफॉर्म पर रियल मनी वाले खेलों पर रोक लगा दी है।

क्यों बढ़ी Dream11, MPL, Zupee जैसी कंपनियों की मुसीबत

इस बिल ने Dream11, MPL, Zupee और my11circle जैसी ऑनलाइन मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगा दिया है, जहां प्लेयर्स वित्तीय लाभ की उम्मीद में पैसा लगाते हैं। इसके अलावा, इसने अधिकारियों को किसी भी परिसर की तलाशी लेने और उल्लंघन के संदेह में किसी भी व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तार करने का अधिकार दिया है।

गेमिंग ऐप ने उठाया ये कदम

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, ड्रीम स्पोर्ट्स ने अपने नए फैंटेसी स्पोर्ट्स ऐप ड्रीम पिक्स और अपने कैजुअल आरएमजी ऐप ड्रीम प्ले पर सभी 'पे टू प्ले' कॉन्टेस्ट पर रोक लगा दी है। फैंटेसी स्पोर्ट्स की इस दिग्गज कंपनी ने हाल के महीनों में दोनों ऐप लॉन्च किए हैं।

ऐप पर जारी एक नोटिस के अनुसार, "प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025" से संबंधित हालिया घटनाक्रम को देखते हुए, हम अपने प्लेटफॉर्म पर सभी 'पे टू प्ले' फैंटेसी स्पोर्ट्स कॉन्टेस्ट को रोक रहे हैं। आपका अकाउंट बैलेंस सुरक्षित है और आप ड्रीम11 ऐप से पैसे निकाल सकते हैं।"

बोर्ड गेम्स पर केंद्रित एक अन्य आरएमजी प्लेटफॉर्म, जूपी ने घोषणा की है कि उसने प्लेटफॉर्म पर सभी 'पेड गेम्स' को सस्पेंड कर दिया है। जूपी के एक प्रवक्ता ने कहा, "जूपी पूरी तरह से चालू रहेगा और हमारे प्लेयर्स प्लेटफॉर्म पर अपने पसंदीदा गेम्स का आनंद लेना जारी रख सकते हैं। नए ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025 के अनुरूप, हम पेड गेम्स बंद कर रहे हैं, लेकिन लूडो सुप्रीम, लूडो टर्बो, स्नेक्स एंड लैडर्स और ट्रंप कार्ड मेनिया जैसे हमारे बेहद लोकप्रिय मुफ्त गेम सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध रहेंगे।"

मोबाइल प्रीमियर लीग (एमपीएल) और गेम्सक्राफ्ट जैसे अन्य आरएमजी प्लेटफॉर्म ने भी अपने प्लेटफॉर्म पर पैसे से संबंधित गेमिंग ऑफरिंग को सस्पेंड कर दिया है और ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि वे अपनी शेष राशि आसानी से निकाल सकते हैं। सरकार ने ऑनलाइन मनी गेमिंग के बढ़ते चलन का हवाला देते हुए इस बिल को पेश किया, जिससे लत, वित्तीय नुकसान और अपराध बढ़े हैं।

इस बिल में आरएमजी की पेशकश, मदद, प्रोत्साहन, उकसावे या इसमें शामिल पाए जाने वालों के लिए 3 साल की कैद और 1 करोड़ रुपए के जुर्माने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, बिल में ऐसे खेलों के विज्ञापन, प्रमोशन और स्पॉन्सरशिप के लिए 2 साल की जेल या 50 लाख रुपए के जुर्माने का प्रस्ताव है।

सबसे पहले किसने गेम बंद किए?

सबसे पहले MPL (Mobile Premier League) ने यह घोषणा की कि वह भारत में अपने सभी पैसों वाले गेम बंद कर रहा है। इसके तुरंत बाद Dream Sports (Dream11 की पैरेंट कंपनी) ने 20 अगस्त को अपने कर्मचारियों को सूचित किया कि देश में सभी कैश गेम बंद कर दिए जाएंगे। इसी कड़ी में Zupee ने भी पेड गेम्स को बंद करने का ऐलान कर दिया। हालांकि, Zupee के फ्री गेम्स जैसे Ludo Supreme, Ludo Turbo और Snakes & Ladders पहले की तरह चलते रहेंगे।

Dream11 से पैसा कैसे निकालें?

  • अभी तक Dream11 ने पैसों की निकासी के लिए कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की है। सामान्य प्रक्रिया इस प्रकार है:
  • अपने Dream11 अकाउंट में लॉग-इन करें।
  • My Balance सेक्शन खोलें।
  • Winnings पर क्लिक करें।
  • Withdraw बटन दबाएं।
  • निकासी की राशि दर्ज करें (₹200 से ₹2,00,000 तक)।
  • Submit पर क्लिक करें।
  • पैसा आपके बैंक अकाउंट में IMPS या NEFT के जरिए ट्रांसफर हो जाएगा।
  • ध्यान दें कि अकाउंट KYC वेरिफाइड होना चाहिए और विदड्रॉ के लिए न्यूनतम ₹200 बैलेंस होना जरूरी है।

MPL से पैसा कैसे निकालें?

  • सबसे पहले KYC पूरा करें- यह सिर्फ एक बार करना होता है।
  • ऐप के वॉलेट पेज से अपना बैंक अकाउंट लिंक करें।
  • Withdraw विकल्प पर क्लिक करें।
  • बैंक अकाउंट और रकम चुनें।
  • कन्फर्म करके सबमिट करें।

अगर पैसे अटक जाएं तो

  • Transaction History चेक करें।
  • Customer Support से संपर्क करें।
इनपुट-IANS
Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article