OpenAI के पहले AI हार्डवेयर को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच अब इससे जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अपना पहला कंज्यूमर डिवाइस 2027 में लॉन्च कर सकती है। यह एक वॉयस-फर्स्ट AI स्मार्ट स्पीकर होगा, जिसमें स्क्रीन नहीं दी जाएगी। इसकी डिजाइन कॉम्पैक्ट डोनट जैसी हो सकती है और इसमें कैमरा, माइक्रोफोन के साथ कुछ मूविंग मैकेनिकल एलिमेंट्स भी मिल सकते हैं, जो डिवाइस को ज्यादा इंसानी अंदाज में प्रतिक्रिया देने में मदद करेंगे।
कैमरा और माइक्रोफोन से लैस होगा AI स्पीकर/Photo-AI
हॉकी पक के आकार जैसा हो सकता है डिवाइस
Bloomberg के मार्क गुरमन के मुताबिक, OpenAI का पहला हार्डवेयर प्रोडक्ट एक कॉम्पैक्ट स्मार्ट स्पीकर होगा। इसमें डिस्प्ले नहीं होगी और यह बैटरी से चलने वाला डिवाइस हो सकता है। इसकी डिजाइन डोनट जैसी होगी और आकार लगभग हॉकी पक जितना बताया जा रहा है। छोटा आकार होने की वजह से इसे घर में आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI इस डिवाइस को LoveFrom के साथ मिलकर तैयार कर रहा है। LoveFrom की स्थापना Apple के पूर्व चीफ डिजाइन ऑफिसर जॉनी इव ने की है। ऐसे में डिवाइस में प्रीमियम मटेरियल और हाई-क्वालिटी मेटल का इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है।
38 हजार रुपये तक हो सकती है कीमत
OpenAI अपने AI स्मार्ट स्पीकर की कीमत 300 से 400 डॉलर के बीच रखने पर विचार कर रहा है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 26,000 से 38,000 रुपये तक हो सकती है। इस कीमत पर यह Amazon और Google के स्मार्ट स्पीकर्स से महंगा होगा, जबकि Apple के महंगे HomePod मॉडल्स को टक्कर दे सकता है, हालांकि OpenAI का डिवाइस सिर्फ सामान्य स्मार्ट स्पीकर की तरह काम नहीं करेगा। इसे AI-first कंप्यूटर के तौर पर डिजाइन किया जा रहा है, जिससे यूजर्स केवल वॉयस कमांड के जरिए रोजमर्रा के कई काम कर सकेंगे।
कैमरा और माइक्रोफोन से लैस होगा AI स्पीकर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस डिवाइस में स्पीकर ग्रिल के साथ माइक्रोफोन और कैमरे भी इंटीग्रेट किए जा सकते हैं। इसके अलावा कुछ अतिरिक्त सेंसर दिए जा सकते हैं, जो आसपास के माहौल को समझने में AI की मदद करेंगे। डिवाइस में लगी लाइट यूजर को यह संकेत दे सकती है कि AI इस समय सुन रहा है या नहीं। इसके अलावा इसमें कुछ मूविंग मैकेनिकल पार्ट्स भी दिए जा सकते हैं। ये पार्ट्स AI के जवाब या प्रतिक्रिया को विजुअली दिखाने का काम कर सकते हैं, जिससे डिवाइस के साथ बातचीत ज्यादा नेचुरल और इंसानी जैसी महसूस हो सकती है।
Voice से होगा ज्यादा इंटरैक्शन
OpenAI का फोकस इस डिवाइस में वॉयस इंटरैक्शन पर रहने की उम्मीद है। यूजर्स इसे उसी तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे ChatGPT के मोबाइल ऐप में Voice Mode के जरिए बातचीत करते हैं। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक स्मार्ट स्पीकर में मोबाइल ऐप की तुलना में ज्यादा शक्तिशाली AI मॉडल इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसका मतलब है कि यूजर सवाल पूछने, जानकारी हासिल करने या रोजमर्रा के कामों के लिए स्क्रीन पर निर्भर रहने के बजाय सीधे डिवाइस से बातचीत कर सकेगा।
OpenAI की हार्डवेयर रणनीति में Voice AI अहम
OpenAI के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन पहले भी संकेत दे चुके हैं कि वॉयस-फर्स्ट AI अनुभव कंपनी की भविष्य की हार्डवेयर रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। कंपनी ऐसे डिवाइस तैयार करना चाहती है, जो यूजर के साथ ज्यादा स्वाभाविक तरीके से बातचीत कर सकें और संदर्भ के हिसाब से प्रतिक्रिया दें।
