Apple Vision Pro: टेक दिग्गज और आईफोन मैकर एप्पल अगले महीने की शुरुआत में अपने रिएलिटी हेडसेट एप्पल विजन प्रो को खरीदारी के लिए उपलब्ध कर रहा है। फिलहाल कंपनी ने अपने लेटेस्ट डिवाइस की प्री-बुकिंग को लाइव कर दिया है। दुनियाभर में इसको लेकर दीवानगी देखने मिल रही है। एप्पल एनालिस्ट मिंग-ची कुओ के अनुसार, प्री-ऑर्डर वीकेंड के दौरान एप्पल ने Vision Pro हेडसेट की 1 लाख 80 हजार यूनिट तक बेची हैं।
Apple Vision Pro
Apple Vision Pro
एप्पल ने जून में अपने विजन प्रो की घोषणा की थी, लेकिन अमेरिका में इसके आधिकारिक प्री-ऑर्डर पिछले हफ्ते ही शुरू हुए थे। विश्लेषक मिंग-ची कुओ का दावा है कि ऐप्पल ने प्री-ऑर्डर में अपने विजन प्रो की 160,000 से 180,000 यूनिट्स बेचीं है, जो 5-7 सप्ताह में शिपिंग के लिए निर्धारित हैं। बता दें कि कंपनी अपने हाईटेक रिएलिटी हेडसेट एप्पल विजन प्रो को 2 फरवरी को लॉन्च करने वाली है। फिलहाल इसे प्री-ऑर्डर के लिए लाइव किया गया है।
Apple Vision Pro: कीमत
एप्पल विजन प्रो को 3,499 डॉलर (करीब 2.90 लाख रुपये) की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया है। इस कीमत पर 256 GB स्टोरेज वाला बेस वेरियंट आता है। वहीं 512 GB वेरियंट की कीमत 3,699 डॉलर (करीब 3.07 लाख रुपये) और 1TB स्टोरेज वेरियंट की कीमत 3,899 डॉलर (3.24 लाख रुपये) है। फिलहाल इसे अमेरिका में बिक्री के लिए उपलब्ध किया जाएगा। इसकी बिक्री ऐपल स्टोर्स से होगी।
Apple Vision Pro: खासियत
एप्पल विजन प्रो को आप एप्पल का जादुई चश्मा कह सकते हैं। रिएलिटी हेडसेट की मदद से 3D डिस्प्ले के साथ हाई क्वालिटी कंटेंट देखा जा सकता है। इसमें Apple R1 डुअल-चिप के साथ Apple M2 (8‑कोर CPU/10‑कोर GPU/16‑कोर न्यूरल इंजन) भी है। इसमें छह माइक, दो प्राइमरी कैमरा, छह सेकेंडरी (ट्रैकिंग) कैमरा, साथ ही आई ट्रैकिंग के लिए चार कैमरा सपोर्ट मिलता है। इसमें एक LiDAR स्कैनर और छह अन्य सेंसर भी दिए गए हैं। कंपनी का कहना है कि इस डिवाइस की मदद से वर्चुअल और रियल दुनिया को आपस में कनेक्ट किया जा सकता है।
