ऐप्पल अपने पहले फोल्डेबल iPhone को लॉन्च करने की तैयारी तेज कर रही है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने इस डिवाइस के प्रोडक्शन का लक्ष्य बढ़ा दिया है। पहले जहां करीब 70 से 80 लाख यूनिट बनाने की योजना थी, वहीं अब सप्लायर को लगभग 1 करोड़ यूनिट तैयार करने के लिए कहा गया है।
एप्पल जल्द लॉन्च कर सकता है फोल्डेबल आईफोन।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यह अब तक का सबसे महंगा iPhone हो सकता है। इसकी संभावित कीमत iPhone 18 Pro Max के टॉप मॉडल से भी अधिक रहने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस फोल्डेबल iPhone की कीमत या लॉन्च से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
अगले साल लॉन्च हो सकता है फोल्डेबल आईफोन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐप्पल अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को iPhone Ultra नाम से पेश कर सकती है। बताया जा रहा है कि प्रोडक्शन से जुड़ी शुरुआती चुनौतियों को कंपनी ने काफी हद तक दूर कर लिया है और अब इसका निर्माण सामान्य गति से चल रहा है। उम्मीद है कि कंपनी इसे 8 या 9 सितंबर को आयोजित अपने लॉन्च इवेंट में पेश कर सकती है। इसी इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के लॉन्च होने की भी संभावना जताई जा रही है।
संभावित फीचर्स की बात करें तो iPhone Ultra में 7.8 इंच का मुख्य OLED डिस्प्ले और 5.5 इंच की कवर स्क्रीन मिल सकती है। फोन में A20 Pro चिपसेट और पावर बटन में इंटीग्रेटेड Touch ID सेंसर दिए जाने की चर्चा है। कैमरे के लिए दोनों डिस्प्ले पर एक-एक फ्रंट कैमरा और पीछे 48MP का डुअल कैमरा सेटअप मिल सकता है। वहीं, बैटरी को लेकर भी अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें अब तक का सबसे बड़ी क्षमता वाला बैटरी पैक दिया जा सकता है। हालांकि, इन सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि ऐप्पल ने अभी तक नहीं की है।
फोल्डेबल आईफोन अल्ट्रा की कीमत
iPhone Ultra की कीमत को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही है कि यह ऐप्पल का अब तक का सबसे महंगा स्मार्टफोन हो सकता है। अब सामने आई एक नई लीक के मुताबिक, इस फोल्डेबल iPhone की शुरुआती कीमत करीब 2,500 डॉलर (लगभग 2.40 लाख रुपये) हो सकती है। वहीं, इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 3,000 डॉलर (करीब 2.86 लाख रुपये) तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो iPhone Ultra की कीमत iPhone 18 Pro Max के सबसे महंगे मॉडल से भी ज्यादा होगी। भारत में आमतौर पर iPhone की कीमत अमेरिका की तुलना में अधिक रहती है, क्योंकि इसमें टैक्स और अन्य शुल्क भी जुड़ जाते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि iPhone Ultra के टॉप वेरिएंट की कीमत भारतीय बाजार में 3 लाख रुपये से भी ऊपर जा सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इसकी कीमत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
