चीन की AI कंपनी DeepSeek ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में एक और बड़ा कदम उठाते हुए अपना नया V4 Flash मॉडल लॉन्च कर दिया है। अमेरिका और चीन के बीच तेज होती AI प्रतिस्पर्धा के बीच आए इस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेहद कम कीमत है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल प्रीमियम AI मॉडल्स जैसी क्षमता देने के साथ उनकी तुलना में लगभग 99% तक सस्ता है। ऐसे में लोग इसे AI इंडस्ट्री का 'जिओ मोमेंट' भी बता रहे हैं, क्योंकि यह AI को बड़े पैमाने पर अधिक किफायती बना सकता है।
AI इंडस्ट्री में बढ़ रही प्राइस वॉर (AP Photo/Andy Wong, File)
ओपन-वेट AI मॉडल, कमर्शियल इस्तेमाल की भी आजादी
DeepSeek V4 Flash एक ओपन-वेट (Open-Weight) AI मॉडल है, जिसे MIT License के तहत जारी किया गया है। इसका मतलब है कि डेवलपर्स और कंपनियां इसे मुफ्त में व्यावसायिक उपयोग, संशोधित और लोकल सर्वर पर भी तैनात कर सकती हैं। इसके मॉडल वेट्स Hugging Face जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे इसे अपनाना और भी आसान हो जाता है।
284 अरब पैरामीटर, लेकिन ज्यादा दक्षता
V4 Flash Mixture-of-Experts (MoE) आर्किटेक्चर पर आधारित है। मॉडल में कुल 284 अरब पैरामीटर हैं, लेकिन किसी भी समय केवल 13 अरब पैरामीटर ही सक्रिय होते हैं। इससे कम कंप्यूटिंग संसाधनों में तेज और प्रभावी प्रदर्शन मिलता है। इसके अलावा मॉडल 10 लाख (1 मिलियन) टोकन तक का कॉन्टेक्स्ट विंडो सपोर्ट करता है, जिससे यह लंबे कोड और बड़े दस्तावेजों को भी आसानी से प्रोसेस कर सकता है।
Claude Opus 4.8 से 99% तक सस्ता
DeepSeek V4 Flash की सबसे बड़ी ताकत इसकी कीमत है। कंपनी के अनुसार, जितने कोडिंग आउटपुट के लिए Anthropic Claude Opus 4.8 पर करीब 25 डॉलर खर्च होते हैं, उतना ही काम V4 Flash पर केवल 28 सेंट में किया जा सकता है। यानी यह मॉडल लगभग 99% कम लागत में समान प्रकार का उपयोग उपलब्ध कराता है।
प्रदर्शन में भी देता है कड़ी टक्कर
सिर्फ कीमत ही नहीं, प्रदर्शन के मामले में भी V4 Flash ने प्रभावित किया है। Arena.ai के फ्रंट-एंड कोडिंग लीडरबोर्ड पर इस मॉडल ने Claude Opus 4.8 को पीछे छोड़ दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, अपनी कीमत के मुकाबले यह अपनी श्रेणी का सबसे बेहतर प्रदर्शन देने वाला AI मॉडल साबित हुआ है।
AI इंडस्ट्री में बढ़ रही प्राइस वॉर
DeepSeek इससे पहले भी कम संसाधनों में शक्तिशाली AI मॉडल लॉन्च कर वैश्विक बाजार में हलचल मचा चुका है। अब V4 Flash के आने से AI कंपनियों के बीच कीमतों की प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है। जहां Google और Meta AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर का निवेश कर रहे हैं, वहीं बाजार का रुझान दिखा रहा है कि AI तकनीक लगातार सस्ती होती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में कंपनियां किसी एक AI प्रोवाइडर पर निर्भर रहने के बजाय जरूरत और कीमत के आधार पर अलग-अलग मॉडल चुनेंगी।
सत्या नडेला और सैम ऑल्टमैन ने भी जताई राय
Microsoft के CEO सत्य नडेला पहले भी कह चुके हैं कि आने वाले समय में AI एक कमोडिटी बन जाएगा। उन्होंने कंपनियों को सलाह दी है कि वे केवल कुछ AI मॉडल प्रदाताओं पर निर्भर रहने के बजाय अपनी खुद की AI क्षमताओं और मानव विशेषज्ञता को भी मजबूत करें। वहीं OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन का मानना है कि AI मॉडल सस्ते होने से मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी। उनके अनुसार, अधिक उपयोग होने से कंपनियां कम मार्जिन पर भी AI मॉडल विकसित और संचालित कर सकेंगी।
