WhatsApp आज कम्युनिकेशन का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। प्रोफेशनल से लेकर पर्सनल तक सभी तरह की बातें WhatsApp के जरिए ही हो रही हैं। ऐसे में चैट बैकअप के लिए स्टोरेज की बड़ी समस्या हो रही है। अब इसी समस्या को दूर करने के लिए WhatsApp ने एक बड़ी सुविधा का ऐलान किया है।
गूगल ड्राइव की जरूरत खत्म
मुफ्त में 2GB की स्टोरेज
WhatsApp के यूजर्स को अब 2GB की फ्री स्टोरेज मिलेगी। अच्छी बात यह है कि यह स्टोरेज गूगल ड्राइव की नहीं, बल्कि सीधे तौर पर WhatsApp ऐप की होगी। इसकी जानकारी व्हाट्सऐप के फीचर्स ट्रैकर WABetaInfo ने दी है।
गूगल ड्राइव की जरूरत खत्म
आमतौर पर WhatsApp यूजर्स अपने चैट का बैकअप लेने के लिए गूगल ड्राइव का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब इस अपडेट के बाद गूगल ड्राइव पर उनकी निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी, हालांकि इस फीचर का अपडेट अभी पूरी तरह से जारी नहीं हुआ है। कंपनी इसे धीरे-धीरे रोलआउट कर रही है।
कई बीटा टेस्टर पर भी इस फीचर की टेस्टिंग चल रही है। WhatsApp के इस नए फीचर को Android version 2.26.46.4 बीटा पर देखा गया है। अगले 1-2 हफ्तों में इसे पूरी तरह से जारी किया जा सकता है। इस अपडेट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब WhatsApp यूजर्स को अपने फोटो, वीडियो, चैट या किसी भी अन्य व्हाट्सऐप डेटा के बैकअप के लिए किसी अन्य बैकअप सोर्स पर निर्भर नहीं रहना होगा।
बदल सकेंगे बैकअप
आमतौक पर WhatsApp यूजर्स का बैकअप विकल्प Google Drive होती है, लेकिन अब इसे बदला जा सकेगा। गूगल ड्राइव के साथ-साथ इन ऐप बैकअप का भी ऑप्शन दिखेगा। यूजर्स ऐप बैकअप को डिफॉल्ट बैकअप सोर्स भी बना सकते हैं। मेटा के मुताबिक ऐप में बैकअप डेटा भी एंड टू एंड एंक्रिप्टेड होंगे।
ड्राइव में मिलती है 15GB की स्टोरेज
अभी तक एंड्रॉयड यूजर्स अपने WhatsApp चैट का बैकअप गूगल ड्राइव पर लेते हैं जिसमें कुल 15GB की फ्री स्टोरेज मिलती है जिसमें जीमेल और गूगल अकाउंट का भी डेटा शामिल होता है, हालांकि व्हाट्सऐप डेटा अधिक होने के कारण ड्राइव की स्टोरेज जल्दी फुल हो जाती है। ऐसे में WhatsApp की 2GB फ्री स्टोरेज काफी मददगार साबित होगी।
