लखनऊ: युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शनिवार को एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन उन्नति हुड्डा को हराकर सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में जगह बनाई। दूसरी वरीय तन्वी (17 वर्ष) ने महिला एकल के सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति को 11-21, 21-10, 21-13 से शिकस्त दी। इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी का इस सत्र में यह दूसरा फाइनल होगा। अब फाइनल में रविवार को तन्वी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीय सुपानिडा काटेथोंग से होगा। काटेथोंग ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त रिको गुनजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराया।
तन्वी शर्मा (फोटो क्रेडिट PTI)
पहला गेम गंवाने के बाद की तन्वी ने वापसी
दोनों भारतीय तन्वी और उन्नति के बीच मुकाबला काफी तेज गति से खेला गया रैलियां छोटी और जल्दी खत्म हुईं। पहले गेम में उन्नति ने कुछ शानदार शॉट लगाए जबकि तन्वी की ओर से कई गलतियां हुईं। उन्नति ने एक बेहतरीन विनर के साथ 9-2 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक छह अंक की बढ़त बनाए रहीं। ब्रेक के बाद उन्नति ने तन्वी की लगातार गलतियों का फायदा उठाते हुए शानदार शॉट्स के दम पर 16-8 की बढ़त बना ली। फिर उन्होंने पहला गेम अपने नाम कर लिया।
कोर्ट बदलते ही बदला खेल का अंदाज
कोर्ट बदलने के बाद तन्वी बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आईं। उन्होंने अपने सटीक शॉट्स की बदौलत 7-1 की बढ़त बना ली। उन्नति की सर्विस नेट में जाने से तन्वी ने 9-3 की बढ़त हासिल की। इसके बाद उन्होंने जोरदार स्मैश लगाया और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही स्कोर 14-5 कर दिया। उन्नति लगातार शॉट चूकती रहीं और उनके दो शॉट कोर्ट से बाहर चले गए जिससे वह 10-19 से पिछड़ गईं। एक और शानदार शॉट से तन्वी को 10 गेम प्वाइंट मिले। उन्नति का शॉट नेट में जाने के साथ ही तन्वी ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरे गेम में तन्वी ने नहीं दिया उन्नति को मौका
निर्णायक गेम में भी तन्वी ने सटीक शॉट्स के दम पर अपना दबदबा बनाए रखा और 6-3 की बढ़त हासिल की। उन्होंने स्कोर 9-6 किया और ब्रेक तक सीधे स्मैश के साथ पांच अंकों की बढ़त बना ली। तन्वी ने जल्द ही 17-9 की बढ़त हासिल कर ली। उन्नति का शॉट नेट में जाने से उन्हें सात मैच प्वाइंट मिले। इसके बाद उन्नति का एक शॉट कोर्ट से बाहर चला गया और तन्वी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
(भाषा)
