24 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 16वें सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में पिछले साल डेब्यू करने वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। केएल राहुल के गैरमौजूदगी में लखनऊ के खिलाफ मुंबई का पलड़ा मजबूत दिख रहा है। लेकिन दोनों टीमों की नजर जीत पर होगी। हालांकि, दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुंबई के खिलाफ लखनऊ काफी मजबूत है। इसलिए मुंबई को लखनऊ के खिलाफ संभलकर बल्लेबाजी करने की जरूरत है। वहीं, चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने अपने आईपीएल करियर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर अभी फैसला नहीं लिए हैं। इसके लिए मेरे पास 8 से 9 महीने का समय है। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2023 का पहला क्वालीफायर मैच ढाई करोड़ ‘कांकरेंट’ दर्शकों ने जियो सिनेमा पर देखा, जो एक रिकॉर्ड है।
रोहित शर्मा, अमित मिश्रा, हार्दिक पंड्या और एमएस धोनी। (फोटो - IPL/BCCI)
एलिमिनेटर में लखनऊ का सामना मुंबई से
आईपीएल के 16वें सीजन के एलिमिनेट मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में दोनों टीमों की स्थिति करो या मरो जैसी है। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए एक और जीत हासिल करनी होगी। हालांकि, केएल राहुन की अनुपस्थिति में लखनऊ की टीम की स्थिति मुंबई के सामने ज्यादा अच्छी नहीं दिख रही है। लेकिन इसके बाद भी दोनों टीमों की नजर जीत पर है।
आईपीएल पर फैसला करने मेरे पास आठ-नौ महीने का समय है
चेन्नई सुपर किंग्स के करिश्माई कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि आईपीएल की कड़ी तैयारियों का काफी असर पड़ता है और वह आगे भी इस टी20 लीग में खेलने को लेकर अगले आठ-नौ महीनों में फैसला करेंगे। कयास लगाए जा रहे थे कि 2023 आईपीएल में धोनी का आखिरी सत्र होगा। उनकी अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को यहां पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को 15 रन से हराकर दसवीं बार आईपीएल फाइनल में प्रवेश किया। धोनी ने मैच के बाद कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो इसका काफी असर पड़ता है। मैं पिछले चार महीने घर से बाहर हूं। मैं जनवरी से घर से बाहर हूं और मार्च से अभ्यास कर रहा हूं। इसलिए आगे क्या होता है इस पर बाद में विचार करूंगा।’ इस 41 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी ने संन्यास के बारे में कहा, ‘मैं नहीं जानता। मेरे पास फैसला करने के लिए अभी आठ-नौ महीने का समय है। मैं अभी इसको लेकर सिरदर्दी क्यों लूं। मेरे पास फैसला करने के लिए पर्याप्त समय है। नीलामी दिसंबर में होनी है।’
जियो सिनेमा पर 2.5 करोड़ दर्शकों ने देखा आईपीएल का क्वालीफायर-1
चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का पहला क्वालीफायर मैच ढाई करोड़ ‘कांकरेंट’ दर्शकों (एक ही समय पर लाइव स्ट्रीमिंग देखने वाले दर्शक) ने जियो सिनेमा पर देखा जो एक रिकॉर्ड है। यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार जियो सिनेमा ने न सिर्फ इस सत्र में तीसरी बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि आईसीसी विश्व कप 2019 के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मैच के दौरान बने विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी की। पहले क्वालीफायर में चेन्नई ने गत चैम्पियन गुजरात को 15 रन से हराकर दसवीं बार फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले 17 अप्रैल को बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सीएसके के बीच खेले गए मैच को 2 . 4 करोड़ कांकरेंट दर्शकों ने देखा था। आईपीएल के मौजूदा सत्र के पहले पांच सप्ताह में जियो सिनेमा को 1300 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिले हैं।
अर्जेंटीना अंडर-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में
अर्जेंटीना ने मंगलवार को ग्वाटेमाला को 3-0 से हराकर अंडर-20 विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में जगह बना ली। अमेरिका ने ग्रुप बी में फिजी पर 3-0 की जीत के साथ अंतिम-16 में जगह बनाने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। अर्जेंटीना को ग्वाटेमाला पर जीत दर्ज करने में कोई खास परेशानी नहीं हुई। उसकी तरफ से अलेजो वेलिज, लुका रोमेरो और मैक्सिमो पेरोन ने गोल किए। अर्जेंटीना के यह लगातार दूसरी जीत है जिससे उसके छह अंक हो गए हैं और उसका ग्रुप में कम से कम दूसरे स्थान पर रहना तय है। छह बार का चैंपियन अर्जेंटीना का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा जिसने ग्रुप ए के एक अन्य मैच में उज्बेकिस्तान से 2-2 से ड्रा खेला। न्यूजीलैंड के अब दो मैचों में चार अंक हो गए हैं।
बार्सिलोना की खिताब जीतने के बाद लगातार दूसरी हार
बार्सिलोना को स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में खिताब अपने नाम पर सुनिश्चित करने के बाद लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। वल्लाडोलिड ने इस मैच में बार्सिलोना को 3-1 से हराया। इस मैच में बार्सिलोना के फारवर्ड रफिन्हा ने अपने हमवतन ब्राजीली खिलाड़ी वीनीसीयस जूनियर के समर्थन का संदेश भी दिया। वीनीसीयस जूनियर के खिलाफ हाल में स्पेनिश लीग के मैचों के दौरान नस्लीय टिप्पणियां की गई थी। स्थानापन्न खिलाड़ी रफिन्हा ने मैच समाप्त होने के बाद अपनी शर्ट निकाली। उन्होंने जो अंदर शर्ट पहन रखी थी उस पर लिखा था, ‘हम सब साथ हैं विनी।’ बार्सिलोना को पिछले दौर में रियाल सोसिडाड से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। उसने हालांकि इससे पहले वाले दौर में अपने अंकों की संख्या 85 पर पहुंचा कर 2019 के बाद पहला स्पेनिश लीग खिताब अपने नाम सुनिश्चित कर दिया था।
नेशनल पिकलबॉल चैंपियन बने महाजन और स्नेहल
महाराष्ट्र के कुलदीप महाजन ने तीसरे राष्ट्रीय रैंकिंग पिकलबॉल टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीता जबकि दिव्यांशु कटारिया (राजस्थान) और सोनू कुमार (झारखंड) ने क्रमश: सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते। महिला वर्ग में महाराष्ट्र ने क्लीनस्वीप किया। उसकी खिलाड़ी स्नेहल पाटिल ने महिला वर्ग का खिताब जीता जबकि वृषाली ठाकरे और उर्वी अभ्यंका ने क्रमशः सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। पिकलबॉल ऐसा खेल है, जिसमें टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के कई अवयव शामिल होते हैं। इसे बैडमिंटन के आकार के कोर्ट में पैडल और प्लास्टिक की गेंद के साथ खेला जाता है। प्लास्टिक की इस गेंद पर छेद होते हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
