स्पोर्ट्स डेस, नई दिल्ली। 44 साल की सेरेना विलियम्स ने चार साल बाद प्रोफेशनल टेनिस में दमदार कमबैक किया है। उन्होंने 19 साल की कनाडाई विक्टोरिया म्बोको के साथ मिलकर क्वींस क्लब ग्रास-कोर्ट टूर्नामेंट में अपना पहला डबल्स मैच जीता। मैच के दौरान सेरेना ने 120 MPH तक की स्पीड से सर्विस कर सभी को चौंका दिया।
चार साल बाद टेनिस कोर्ट पर सेरेना विलियम्स की कोर्ट पर वापसी। फोटो- AP
विलियम्स और म्बोको ने तीसरी सीडेड जोड़ी निकोल मेलिचर-मार्टिनेज और एरिन रूटलिफ को 7-6 (2), 6-2 से हराया, जो 2022 यूएस ओपन के बाद विलियम्स का पहला प्रोफेशनल मैच था। अब उनका सामना क्वार्टर फाइनल में लेयला फर्नांडीज और लॉरा सीजमंड से होगा। मैच के दौरान विलियम्स ने पहले राउंड के मैच में दो एस और उसके बाद एक सर्विस विनर लगाया।
'यह बहुत मजेदार'
विलियम्स ने कोर्ट पर एक इंटरव्यू में कहा, यह बहुत मजेदार था। विक्टोरिया के साथ खेलने में मुझे बहुत मजा आया। हमने कभी साथ नहीं खेला है, लेकिन उसके साथ खेलना बहुत नैचुरल लगा।
विंबलडन पर अभी कोई फैसला नहीं
सेरेना विलियम्स अगले हफ्ते जर्मनी में बर्लिन ओपन में डबल्स भी खेलेंगी, लेकिन जीत के साथ वापसी के बाद भी, वह अभी भी तय नहीं कर पाई हैं कि उन्हें विंबलडन में अपनी वापसी को आगे बढ़ाना है या नहीं। विंबलडन की शुरुआत 29 जून से हो रही है।
टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स ने 2022 यूएस ओपन से विदाई लेने के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेला था। उस समय, उन्होंने कहा था कि वह रिटायर नहीं हो रही हैं बल्कि उन्होंने कहा कि वह टेनिस से इवॉल्व हो रही हैं।
खेल से दूर होने से पहले विलियम्स ने 23 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल जीते, जिसमें सात विंबलडन शामिल हैं। उन्होंने 14 ग्रैंड स्लैम डबल्स टाइटल भी जीते, जिसमें विंबलडन में छह शामिल हैं। ये सभी खिताब उन्होंने अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ मिलकर जीता है।
