सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को ओडिशा उच्च न्यायालय के दो आदेशों को रद्द करके पांच दिसंबर को होने वाले हॉकी इंडिया चुनावों के लिए रास्ता साफ कर दिया। न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और अरुण पल्ली की पीठ ने हॉकी इंडिया के ओडिशा हॉकी संघ को जारी किए गए दो कारण बताओ नोटिस वापस ले लिए हैं जिनमें राज्य संघ को स्थायी सदस्य से बदलकर एसोसिएट सदस्य बनाने का प्रस्ताव किया गया था।
हॉकी इंडिया (साभार-x)
पीठ ने कहा कि हॉकी ओडिशा की शिकायतों का निवारण उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए के सिकरी की अध्यक्षता वाली एक समिति करेगी।
न्यायालय ने कहा कि वह उन खिलाड़ियों के भविष्य को खतरे में नहीं डाल सकते जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर को कराने की अनुमति दी गई है।
हॉकी इंडिया के भीतर चल रहे आंतरिक कलह के बीच ओडिशा उच्च न्यायालय ने 18 नवंबर को देश में हॉकी की सर्वोच्च संस्था की चुनाव प्रक्रिया पर लगाई गई अंतरिम रोक को हटाने से इनकार कर दिया। अदालत का मानना था कि हॉकी इंडिया के नियम महासचिव को अध्यक्ष के आदेश के बिना कार्यकारी समिति की बैठकें बुलाने का अधिकार नहीं देते हैं।
अदालत ने छह नवंबर को पारित अंतरिम स्थगन आदेश को रद्द करने की मांग वाली अंतरिम याचिका को खारिज कर दिया था। हॉकी इंडिया ने पांच दिसंबर को चुनाव निर्धारित किए थे। इसके लिए अंतिम मतदाता सूची 15 नवंबर को जारी की जानी थी और नामांकन प्रक्रिया 22 से 24 नवंबर के बीच होनी थी।
