Hong kong open 2025: एशिया कप भारत-पाकिस्तान मैच से पहले बैडमिंटन से आई बुरी खबर, फाइनल में हारी भारतीय जोड़ी

हांगकांग ओपन के फाइनल में भारतीय जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन के ओलंपिक रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वैंग चैंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी को रविवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में चीन के ओलंपिक रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वैंग चैंग के खिलाफ हार से उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। पिछले महीने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली दुनिया की नौवें नंबर की भारतीय जोड़ी को पहला गेम जीतने के बावजूद 61 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण फाइनल में चीन की दुनिया की छठे नंबर की जोड़ी के खिलाफ 21-19 14-21 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। चिराग ने कहा, ‘‘यह हफ्ता अच्छा रहा, विशेषकर विश्व चैंपियनशिप के एक हफ्ते बाद और अब हम फाइनल खेल रहे थे।’’

Satwiksairaj Rankireddy Chirag Shetty

सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी

उन्होंने कहा, ‘‘आप खिताब जीतना चाहते हैं लेकिन उन्हें श्रेय जाता है, वे भी अच्छा खेले। अगली बार भी मौका मिलेगा और कुल मिलाकर मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं।’’ थाईलैंड ओपन जीतने के बाद भारतीय जोड़ी 16 महीनों में पहली बार फाइनल में खेल रही थी और इस हार के साथ सुपर 500 फाइनल में इस जोड़ी का परफेक्ट रिकॉर्ड भी टूट गया। सात्विक और चिराग ने इससे पहले अपने चारों सुपर 500 फाइनल में खिताब जीता था। इस सत्र में छह बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारतीय जोड़ी की लियांग और वैंग के खिलाफ 10 मैच में यह सातवीं हार है जबकि उन्होंने तीन जीत दर्ज की है। भारतीय जोड़ी ने पेरिस में विश्व चैंपियनशिप के दौरान चीन की इस जोड़ी को हराया था।

End of Feed