BWF World Championships 2025: सात्विक और चिराग की जोड़ी का धमाल, भारत के लिए पदक पक्का किया

शनिवार की सुबह भारत के लिए बैडमिंटन की दुनिया से एक गुड न्यूज सामने आई है। भारतीय स्टार जोड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का एक मेडल पक्का कर दिया। क्वार्टर फाइनल मैच जीतकर सात्विक और चिराग ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय जोड़ी ने यहां पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता आरोन चिया और सोह वूई यिक को हराकर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया। भारतीय जोड़ी पिछले साल पेरिस ओलंपिक में मलेशिया की इस जोड़ी से हार गई थी लेकिन शुक्रवार देर रात खेले गए मैच में वह इसका बदला लेने में सफल रही। सात्विक और चिराग की विश्व की तीसरे नंबर की जोड़ी ने 43 मिनट में 21-12, 21-19 से शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

Satwiksairaj Rankireddy Chirag Shetty

सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी (साभार-BAI)

सात्विक और चिराग ने 2022 में इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता था और इस तरह से उनका विश्व चैंपियनशिप में यह दूसरा पदक होगा। इससे 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा के कांस्य पदक जीतने के बाद से भारत का प्रत्येक विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतना भी सुनिश्चित हो गया। एशियाई खेलों के चैंपियन का अगला मुकाबला चीन की 11वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी चेन बो यांग और लियू यी से होगा।

End of Feed