Thailand Open 2024 Final: पेरिस ओलंपिक से पहले सात्विक-चिराग का धमाल, चीनी जोड़ी को हराकर जीता थाईलैंड ओपन

  • Agency by: Agency
  • Updated May 19, 2024, 05:12 PM IST

Thailand Open 2024 Final, SatwikSairaj Rankireddy and Chirag Shetty: पेरिस ओलिंपक की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। लेकिन इससे पहले भारतीय बैडमिंटन स्टार जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का धमाल जारी है। भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड ओपन के खिताबी मुकाबले में चीनी जोड़ी को लगातार गेम में मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया।

Thailand Open 2024 Final, SatwikSairaj Rankireddy and Chirag Shetty: भारत की स्टार जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए चीन के लियू यि और चेन बो यांग को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन पुरूष युगल खिताब जीत लिया। पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी ने 29वीं रैंकिंग वाली विरोधी टीम पर 21-15, 21-15 से जीत दर्ज की। एशियाई खेलों की चैम्पियन जोड़ी का यह सत्र का दूसरा और कैरियर का नौवां बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब है। उन्होंने मार्च में फ्रेंच ओपन सुपर 750 खिताब जीता था। दोनों मलेशिया सुपर 1000 और इंडिया सुपर 750 में उपविजेता रहे थे।

SatwikSairaj Rankireddy and Chirag Shetty

जीत की खुशी मनाते हुए सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी। (फोटो- BAI Media Twitter)

चिराग ने जीत के बाद कहा,‘बैंकॉक हमारे लिये खास है। हमने 2019 में यहां पहली बार सुपर सीरिज और फिर थॉमस कप जीता था।’ सात्विक ने कहा,‘उम्मीद है कि इस जीत के बाद आने वाले टूर्नामेंटों में भी हम लय कायम रखेंगे।’ पेरिस ओलंपिक के बारे में पूछने पर चिराग ने कहा,‘हम ही नहीं सभी खिलाड़ी वहां पदक जीतने ही जाना चाहते हैं। उम्मीद है कि हम वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’ सात्विक और चिराग आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में दूसरे दौर में हार गए थे। इसके बाद सात्विक की चोट के कारण एशियाई चैम्पियनशिप नहीं खेल सके। थॉमस कप में भी वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये। वे एक भी गेम गंवाये बिना थाईलैंड ओपन फाइनल में पहुंचे थे । लियू और चेन ने भी फाइनल तक के सफर में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन भारतीय जोड़ी के शानदार फॉर्म का उनके पास कोई जवाब नहीं था।

End of Feed