स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मौजूदा यूएस चैंपियन अल्काराज चोटिल होने के कारण फ्रेंच ओपन और विंबलडन में नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्हें लगता है कि वह वर्ष का अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार हैं। वहीं, विश्व की नंबर एक खिलाड़ी एरीना सबालेंका यूएस ओपन में खिताबी हैट्रिक लगाने की पूरी कोशिश करेंगी। रविवार से यूएस ओपन 2026 का आगाज होगा। दोनों दिग्गज खिलाड़ी अपनी पुरानी फॉर्म में भी वापस लौटने को बेताब हैं।
यूएस ओपन के लिए तैयार सबालेंका और अल्कराज।
स्पेन के इस 23 वर्षीय खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज ने अप्रैल के बाद कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है, लेकिन वह सोमवार को अच्छी शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी तकनीक में कोई बदलाव नहीं किया है और शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट होने का भरोसा जताया है। अल्काराज का पहला मुकाबला रोमन सफिउलिन से होगा। इस सप्ताह सेरेना विलियम्स के साथ मिश्रित युगल के कुछ मैच खेलकर उन्हें कुछ हद तक अभ्यास करने का मौका मिला था।
अल्काराज मौजूदा चैंपियन हैं और लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के प्रबल दावेदार हैं। एक साल पहले उन्होंने यानिक सिनर को हराकर नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी। इस बार सिनर नहीं खेल रहे हैं। दाहिने घुटने में चोट के कारण उन्होंने नाम वापस ले लिया है। सिनर की अनुपस्थिति में अलेक्जेंडर ज़्वेरेव शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। लेकिन सबकी निगाहें अल्काराज पर टिकी हैं, जिन्होंने इसी साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराकर अपना सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।
खिताबी हैट्रिक बनाने उतरेगी सबालेंका
विश्व की नंबर एक खिलाड़ी एरीना सबालेंका हाल की खराब फॉर्म के बावजूद यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से उतरेंगी। सबालेंका पिछले कुछ टूर्नामेंटों में चौथे दौर से आगे भी नहीं बढ़ पाई हैं जिसे देखते हुए वह सेरेना विलियम्स (2012-14) के बाद लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनने के लिए शायद ही तैयार दिखती हैं। हालांकि, सबालेंका अपनी पुरानी फॉर्म वापस पाने को बेताब हैं।
सबालेंका ने साल की अच्छी शुरुआत की। ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में एलेना रायबाकिना से हारने के बाद उन्होंने इंडियन वेल्स और मियामी में लगातार दो हार्ड कोर्ट खिताब जीते। विंबलडन में चौथे दौर में नाओमी ओसाका से हारने के बावजूद माना जा रहा था कि वह जल्द ही अपनी पुरानी फॉर्म में लौट आएंगी। क्योंकि हार्ड कोर्ट उनकी पसंदीदा सतह रही है।
सबालेंका टोरंटो में चौथे दौर में एकातेरिना एलेक्जेंड्रोवा से हार गई और सिनसिनाटी में सारा बेजलेक ने उन्हें दोनों सेटों में बढ़त का फायदा नहीं उठाने दिया। सबालेंका लगातार तीसरा खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यहां 2024 में फाइनल में जेसिका पेगुला को हराकर पहली बार खिताब जीता था। पिछले साल उन्होंने अमांडा अनिसिमोवा को हराकर अपने खिताब का बचाव किया था।
