Asian Games 2026: टेकबॉल में ऐतिहासिक पदक के करीब पहुंची क्विम्सी डिसूजा, भारत को दिलाएंगी पहला मेडल

भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में ऐतिहासिक पदक जीतने के करीब पहुंच गई हैं।

नागोया (जापान): भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से वह इस खेल में ऐतिहासिक पदक जीतने के करीब पहुंच गई। एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए क्विम्सी ने नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए अपने ग्रुप ए के पहले मैच में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त युइना सकामोटो को 2-1 (10-12, 12-11, 13-11) से हराकर उलटफेर किया। यह मैच 43 मिनट तक चला।

Quimcy Dsouza

क्विम्सी जोआकिम डिसूजा (फोटो क्रेडिट Instagram)

नहीं खेलना पड़ा क्वार्टर फाइनल

इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने ग्रुप के अपने दूसरे मैच में भी लय बरकरार रखते हुए कंबोडिया की कोएमयेन डीवाई को केवल 24 मिनट में 2-0 (12-9, 12-7) से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कारण उन्हें बाइ मिल गई और उन्हें क्वार्टर फाइनल नहीं खेलना पड़ा। वह शनिवार को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की सुमाया से भिड़ेंगी और इस मैच में जीत हासिल करने पर टेकबॉल में भारत का पहला पदक पक्का हो जाएगा। यह 24 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी इस मैच में हार भी जाती है तो उन्हें प्लेऑफ के जरिए पदक हासिल करने का एक और मौका मिलेगा। हालांकि, क्विम्सी और मोहम्मद अनस इमरान बेग की भारतीय जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में वियतनाम के होआंग मिन्ह तान गुयेन और जिया नघी त्रिन्ह से 0-2 (7-12, 10-12) से हार गई। भारतीय जोड़ी के पास अब भी पदक जीतने का मौका है क्योंकि उसने अपना रिपेचेज मुकाबला जीत लिया है।

End of Feed