स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष उषा ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री से IOA के विवादित 'स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट' (SOM) चुनावों की स्वतंत्र जांच कराने का आग्रह किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, 9 नवंबर की तीन पन्नों की एक गोपनीय शिकायत में उषा ने इन चुनावों को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं। इनमें मौजूदा पदाधिकारियों द्वारा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने, मतदाताओं की भागीदारी की पुष्टि मांगने वाले संदेश और गुप्त मतदान से जुड़ी बातचीत में खेल मंत्रालय का जिक्र किए जाने जैसे आरोप शामिल हैं।
पीटी उषा ने SOM चुनाव पर उठाए सवाल। फोटो- PTI
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लिखा कि लेटर में, उषा ने रिटर्निंग ऑफिसर (RO) संजय के. श्रीवास्तव द्वारा उनकी चार आपत्तियों/शिकायतों पर की गई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने IOC से यह पता लगाने को कहा है कि क्या चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई सरकारी या बाहरी दबाव डाला गया था। यह पत्र तब आया है जब उषा को खुद चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। महिलाओं के लिए SOM (स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट) के चार पदों के लिए हुए छह-तरफा मुकाबले में, IOA अध्यक्ष उषा 40 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। अंजू बॉबी जॉर्ज 53 वोटों के साथ सबसे आगे रहीं, उनके बाद रानी रामपाल (50), डोला बनर्जी (45) और साइना नेहवाल (43) रहीं। अनीता पॉलदुरई को छह वोट मिले।
उठाए गंभीर मुद्दे
अपने पत्र में, उषा ने स्पष्ट किया है कि उनकी शिकायत का मकसद चुनाव नतीजों को केवल इसलिए चुनौती देना नहीं है कि वे उनके पक्ष में नहीं रहे और न ही यह किसी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत आधार पर है। इसके बजाय, उन्होंने कहा है कि यह मामला चुनाव प्रक्रिया के संचालन और उसकी निगरानी से जुड़ा है। इसका उद्देश्य IOA की स्वायत्तता को बनाए रखना है। अपने पहले आरोप के बारे में विस्तार से बताते हुए, उषा ने लिखा है कि IOA की मौजूदा कार्यकारी समिति के सदस्यों के नाम से व्हाट्सएप संदेश भेजे गए। इन संदेशों में कथित तौर पर एक खास पैनल के लिए वोट मांगे गए थे, जिसमें चार उम्मीदवारों के नाम और उनके बैलेट विवरण का जिक्र था।
मंत्रालय का हवाला देने की लिखी बात
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार,पीटी उषा ने यह भी आरोप लगाया है कि IOA की कार्यकारी समिति (EC) के एक मौजूदा सदस्य से जुड़े संदेशों में इस बात को लेकर चिंता जताई गई है कि मतदाताओं से उनके वोट डालने की पुष्टि करने के लिए कहा जा रहा था। इसके अलावा, उन्होंने संजय मिश्रा नाम के एक व्यक्ति से जुड़े संदेशों का भी जिक्र किया, जिन्हें बैडमिंटन एसोसिएशन का सचिव बताया गया है। आरोप है कि उन्होंने खिलाड़ियों से वोट डालने के बाद पुष्टि करने को कहा और "मंत्रालय की ओर से" या "मंत्रालय पूछ रहा है कि क्या हमारे पास पुष्टि का संदेश है" जैसी बातें कहकर मंत्रालय का हवाला दिया।
