Asian Games 2026: जापान में चल रहे एशियाई खेलों में वुशू में रोशिबिना देवी के सिल्वर मेडल जीतने के बाद, उनकी मां नाओरेम ओंगबी रोमिला देवी ने बताया कि जब वह प्रतियोगिता के लिए गई थीं, तो उन्हें फ्लू था। रोशिबिना ने एशियाई खेलों में लगातार अपना दूसरा सिल्वर मेडल जीता। गुरुवार को आइची-नागोया में महिलाओं के सांडा 60 किग्रा फ़ाइनल में उन्हें चीन की झांग ज़ियाओयू से हार का सामना करना पड़ा। ESPN के अनुसार, 2022 हांग्जो एशियाई खेलों में भी सिल्वर मेडल जीतने वाली रोशिबिना दोनों राउंड 0-5 के स्कोर से हार गईं और चीनी खिलाड़ी ने 2-0 से मैच जीत लिया।
जापान आने से पहले फ्लू से पीड़िंत थीं वुशु सिल्वर मेडलिस्ट रोशिबिना देवी (Instagram/Weareteamindia)
अपनी बेटी के मेडल जीतने के बाद ANI से बात करते हुए नाओरेम ने कहा, "हालांकि एक मां के तौर पर मैं गोल्ड मेडल न जीत पाने से पूरी तरह खुश नहीं हूं, लेकिन अपनी निराशा ज़ाहिर करने से वह और ज़्यादा परेशान हो जाएगी। जब वह गई थी, तब उसे फ्लू था। फिर भी, उसने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।"
घर पर परिवार के सदस्यों में खुशी का माहौल था, सभी लोग एक साथ जमा हुए और रोशिबिना के लिए नारे लगाए। 2018 एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज़ मेडल जीत चुकीं रोशिबिना, एशियाई खेलों में वुशू में लगातार तीन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।
जापान में रोशिबिना का प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें उन्होंने वियतनाम की 2023 की वर्ल्ड चैंपियन गुयेन थी थू थुय को हराया। बुधवार को, रोशिबिना ने सेमीफ़ाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को 2-0 से हराकर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।
यह इस इवेंट में भारत का 14वां मेडल है; इससे पहले भारत एक गोल्ड मेडल जीत चुका है और यह छठा सिल्वर मेडल है। भारत ने अब तक सात ब्रॉन्ज़ मेडल भी जीते हैं। भारत ने अब तक सिर्फ एक गोल्ड मेडल जीता है और वो स्वर्ण पदक भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंकाई टीम को एशियन गेम्स टी20 फाइनल में हराकर जीता है।
