एक साल बाद मीराबाई का गोल्डन कमबैक, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

एक साल के लंबे इंतजार के बाद एक्शन में दिखी मीराबाई चानू ने साबित कर दिया कि उनकी उपस्थिति मेडल की गारंटी है। उन्होंने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर दिखा दिया कि आने वाले इवेंट के लिए उनकी तैयारी कितनी जबरदस्त है।

एक साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी करने वाली मीराबाई चानू ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए सोमवार को यहां राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में नए रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई ने महिलाओं के 48 किग्रा वजन वर्ग में कुल 193 किग्रा (84 किग्रा + 109 किग्रा) वजन उठाकर राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में कुल, स्नैच और क्लीन एंड जर्क के रिकॉर्ड तोड़कर पहला स्थान हासिल किया। कुल वजन में उन्होंने पिछले रिकॉर्ड से 14 किग्रा अधिक भार उठाया। राष्ट्रीय खेलों के चैंपियन ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में 271 किग्रा (120 किग्रा + 151 किग्रा) के कुल प्रयास के साथ दिन का दूसरा स्वर्ण पदक जीता।

meerabai Chanu

मीराबाई चानू (साभार-X)

मीराबाई ने पिछले साल अगस्त में पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता में भाग लिया। पेरिस ओलंपिक में वह चौथे स्थान पर रही थी। चोटिल होने के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद इस 37 वर्षीय खिलाड़ी को लय हासिल करने में समय लगा। मीराबाई ने कहा, ‘‘मैं यहां स्वर्ण पदक जीतकर सचमुच बहुत खुश हूं, क्योंकि ओलंपिक के बाद यह मेरा पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है और वह भी 48 किलोग्राम वर्ग में। मुझे संदेह था कि क्या मैं इस भार वर्ग में वैसा ही प्रदर्शन कर पाऊंगी जैसा मैंने किया था। इस जीत से मेरा अक्टूबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए मनोबल बढ़ेगा। ’’

End of Feed