FIFA World Cup 2026, MEX vs ECU: मैक्सिको सिटी में खेले गए फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मैच में टूर्नामेंट के सह-मेजबान मेक्सिको ने एक और यादगार जीत को अंजाम दिया। आंधी-तूफान के कारण मैच निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ। मैच शुरू होने के बाद जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में नौ मिनट के अंतराल में गोल किए जिससे मैक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर 'राउंड ऑफ 16' में जगह बनाई और नॉकआउट चरण में जीत हासिल करने के 40 साल के सूखे को खत्म किया।
मेक्सिको ने एक्वाडोर को हराकर फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई
क्विनोनेस ने 22वें मिनट में मैक्सिको के लिए पहला गोल किया जबकि जिमेनेज ने 31वें मिनट में उसकी बढ़त दोगुनी कर दी। मैक्सिको की टीम ने 1986 में टूर्नामेंट की मेजबानी करते हुए राउंड ऑफ 16 में बुल्गारिया को हराने के बाद से नॉकआउट चरण का कोई मैच नहीं जीता था।
इसके बाद मैक्सिको को 1994, 1998, 2002, 2006, 2010, 2014 और 2018 के विश्व कप में अंतिम 16 में लगातार सात बार हार का सामना करना पड़ा। वह कतर में 2022 में खेले गए विश्व कप में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। मैक्सिको रविवार को अपने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड और कांगो के बीच बुधवार को होने वाले मैच के विजेता का सामना करेगा।
मौसम से प्रभावित होने वाला यह टूर्नामेंट का दूसरा मैच था। फ्रांस और इराक के बीच 22 जून को फिलाडेल्फिया में खेले गए मैच के दौरान तूफान के कारण पहले हाफ के आखिर में दो घंटे 11 मिनट तक खेल नहीं हो पाया था।
फ्रांस और नॉर्वे भी आगे पहुंचे, आइवरी कोस्ट और स्वीडन हुए बाहर
इसके अलावा, दिन के अन्य मैचों में सबसे पहले नॉर्वे की टीम ने आइवरी कोस्ट को अर्लिंग हालैंड के अंतिम क्षणों में गोल से नॉर्वे ने 2-1 से जीत दर्ज करके 28 साल में पहली बार विश्व नॉकआउट मैच जीता और आइवरी कोस्ट को टूर्नामेंट से बाहर किया। फिर दिन के दूसरे मैच में फ्रांस ने अपने स्टार कप्तान काइलियन एमबाप्पे के दो गोल के दम पर स्वीडन को 3-0 से करारी शिकस्त दी और स्वीडन को टूर्नामेंट से बाहर करके फ्रेंच टीम ने राउंड ऑफ 16 में सातवीं बार जगह बनाई।
