दोहा: भारतीय निशानेबाजों ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में मंगलवार को महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का टीम स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया, लेकिन व्यक्तिगत फाइनल में स्टार निशानेबाज मनु भाकर और ईशा सिंह पदक के साथ ही 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने का मौका चूक गईं। व्यक्तिगत फाइनल में ईशा सिंह आठवें और अंतिम स्थान पर रहीं, जबकि दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर मामूली अंतर से पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहीं।
मनु भाकर
दक्षिण कोरिया की यांग जिन ने 44 अंकों के विश्व रिकॉर्ड प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वियतनाम की त्रिन्ह थू विन्ह ने 43 अंकों के साथ रजत और चीन की झांग यूयू ने 34 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। तीनों पदक विजेताओं ने अपने-अपने देशों के लिए 2028 ओलंपिक का कोटा भी सुनिश्चित किया।
एशियाई खेलों की कई पदक विजेता ईशा और पेरिस ओलंपिक-2024 की दोहरी कांस्य पदक विजेता मनु ने क्वालीफिकेशन दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी। ईशा तीसरे और मनु छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंची थीं। दोनों भारतीय निशानेबाज फाइनल में अपना प्रदर्शन बरकरार नहीं रख सकीं। इस चैंपियनशिप में लॉस एंजिलिस ओलंपिक के कुल 36 कोटा दांव पर हैं।
हाल ही में आइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा का व्यक्तिगत रजत पदक जीतने वाली ईशा का प्रदर्शन फाइनल में बेहद निराशाजनक रहा। वह चार सीरीज में क्रमशः एक, पांच, तीन और दो निशाने ही साध सकीं। इस तरह 20 में से केवल 11 हिट के साथ उन्हें सबसे पहले प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। मनु ने कई शूटऑफ में जगह बनाकर पदक की उम्मीदें कायम रखीं, लेकिन आखिरकार वह चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने कुल 27 हिट हासिल किए।
भारत अब तक केवल एक ओलंपिक कोटा हासिल कर सका है। यह कोटा पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय ने दिलाया है। भारतीय निशानेबाजी दल का अभियान अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। खासकर राइफल स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन ने चिंता बढ़ाई है। उपकरण संबंधी खामी के कारण राइफल निशानेबाज सांभवी क्षीरसागर को अयोग्य घोषित किए जाने से भी भारतीय खेमे को झटका लगा है।
दबाव की परिस्थितियों में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन बरकरार रखने में बार-बार नाकाम रहना देश के हाई परफॉर्मेंस कार्यक्रम पर भी सवाल खड़े कर रहा है। ईशा ने हालांकि व्यक्तिगत फाइनल से पहले क्वालीफिकेशन में शानदार प्रदर्शन किया था। हैदराबाद की 21 वर्षीय निशानेबाज ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 590 अंक जुटाकर भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही। विश्व चैंपियनशिप से पहले अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही मनु ने भी क्वालीफिकेशन में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दिव्या बेहद मामूली अंतर से व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। वह 10वें स्थान पर रहीं।
ईशा ने सोमवार को प्रिसिजन चरण में 292 अंक हासिल किए थे, लेकिन मंगलवार को रैपिड चरण में दमदार वापसी की। उन्होंने तीन सीरीज में क्रमशः 100, 98 और 100 अंक अर्जित किए। इस तरह रैपिड चरण में 298 अंक और कुल 590 अंकों के साथ उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। मनु भाकर ने भी प्रिसिजन चरण में 289 अंक हासिल करने के बाद रैपिड चरण में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन सीरीज में 99, 99 और 100 अंक जुटाकर व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाई।
भारतीय निशानेबाजी दल की पदक और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक कोटे की उम्मीदें अब पुरुष और महिला ट्रैप टीमों पर टिकी हैं। महिला ट्रैप टीम की शुरुआत हालांकि निराशाजनक रही। तीन दिवसीय क्वालीफिकेशन मुकाबले के पहले दिन एशियाई खेलों की दोहरी स्वर्ण पदक विजेता नीरू ढांडा अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकीं।
एशियाई खेलों 2026 में व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाली नीरू ने 25-25 निशानों के पहले दो दौर में क्रमशः 20 और 19 अंक हासिल किए। इस तरह कुल 39 अंकों के साथ वह 77 निशानेबाजों के बीच 69वें स्थान पर पिछड़ गईं। भारत की प्रगति दुबे ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया। वह 24 और 22 अंकों के साथ कुल 46 अंक जुटाकर 18वें स्थान पर रहीं। मनीषा कीर ने 23 और 20 अंकों के साथ कुल 43 अंक हासिल किए और 41वें स्थान पर रहीं।
तीनों भारतीय निशानेबाजों के सामने अब आठ सदस्यीय फाइनल में जगह बनाने के लिए अगले दौर में दमदार वापसी करने की चुनौती होगी। क्वालीफिकेशन मुकाबले में बुधवार को 25-25 निशानों के दो और दौर खेले जाएंगे, जबकि बृहस्पतिवार को पांचवां और अंतिम दौर होगा। पांचों दौर के बाद शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल में प्रवेश करेंगे। ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के लिए अगले दो दिन बेहद अहम होंगे।
(भाषा)
