कतर में खेले गए फीफा विश्व कप 2022 (FIFA World Cup 2022) में अर्जेंटीना ने अपना 36 साल से अधूरा पड़ा सपना पूरा किया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ये खिताब जहां अर्जेंटीना के लिए बेहद खास था, वहीं उसके कप्तान लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) के लिए भी बेहद अहम था। ये उनका अंतिम विश्व कप था और आखिरकार उनका वो सपना पूरा हो गया जिसकी तमन्ना वो बचपन से रखते थे। इस खुशी का इजहार कई तरीके से मेस्सी कर रहे हैं। इन्हीं में एक जरिया है अपने फैंस को अर्जेंटीना की जर्सी भेजकर। इस बार मौका था एम एस धोनी (MS Dhoni) की बेटी जीवा (Ziva) को तोहफा मिलने का।
मेस्सी ने जीवा के लिए भेजी जर्सी (Instagram)
पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने बताया था कि लियोनेल मेस्सी ने कुछ समय पहले बीसीसीआई सचिव जय शाह (Jay Shah) को ऑटोग्राफ की हुई अर्जेंटीना की जर्सी भेजी थी। इस बार मेस्सी ने धोनी की बेटी जीवा को अर्जेंटीना की जर्सी भेजी है जिस पर उन्होंने ऑटोग्राफ करने के साथ-साथ जीवा का नाम भी लिखा है। देखिए इंस्टा पोस्ट..
इस जर्सी को हासिल करने के बाद जीवा के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है। धोनी भी फुटबॉल के शौकीन हैं और शुरुआती दिनों में स्कूल में वो भी एक गोलकीपर रह चुके हैं। धोन भी मेस्सी के फैन हैं और उनकी बेटी भी उसी राह पर है जिसको खुश करने के लिए मेस्सी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है।
