Under-20 Athletics Championship: भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम और 1500 मीटर दौड़ की धाविका लक्षिता विनोद संडीला ने बुधवार को एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन गोल्ड मेडल जीते, जिससे भारत मेडल टैली में तीसरे स्थान पर रहा। संडीला ने महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में चार मिनट 24.23 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ गोल्ड मेडल जीता।
लक्षिता विनोद संडीला। (फोटो- एएफआई के ट्विटर से)
संडीला का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चार मिनट 26.48 सेकंड था, जिसमें उन्होंने लगभग दो सेकंड के अंतर से सुधार करके भारत को चैंपियनशिप में पांचवां गोल्ड मेडल दिलाया। फिर चार गुणा 400 मीटर रिले टीम में रेजोआना मलिक हीना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे भारतीय टीम ने तीन मिनट 40.49 सेकेंड के समय गोल्ड मेडल जीता। कजाखस्तान ने तीन मिनट 46.19 सेकेंड से सिल्वर मेडल और कोरिया ने तीन मिनट 47.46 सेकेंड से ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने तीन मिनट 8.78 सेकेंड के समय से सिल्वर मेडल से संतोष किया।
मेहदी हसन ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ तीन मिनट 56.01 सेकेंड में पूरी करके ब्रॉन्ज मेडल जीता। शिवाजी परशु मदप्पागौद्रा ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 14 मिनट 49.05 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता, जिससे भारत के मैडलों की संख्या 19 हो गई। भारत छह गोल्ड मेडल, सात सिल्वर मेडल और छह ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जापान (14 गोल्ड मेडल, चार सिल्वर मेडल और पांच ब्रॉन्ज मेडल) और चीन (11 गोल्ड मेडल, पांच सिल्वर मेडल और तीन ब्रॉन्ज मेडल) के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
रविवार को प्रतियोगिता के पहले दिन रेजोआना मलिक हीना और भरतप्रीत सिंह ने क्रमशः महिलाओं की 400 मीटर और पुरुषों की चक्का फेंक में गोल्ड मेडल जीता था। गोला फेंक के एथलीट सिद्धार्थ चौधरी ने सोमवार को गोल्ड मेडल जीता, जबकि सुनील कुमार ने मंगलवार को डेकाथलॉन में सोने का तमगा हासिल किया था।
