येओसु (कोरिया): कोरिया ओपन बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त फजर अल्फियान और मुहम्मद रियान अर्दियांतो की जोड़ी को 17-21, 21-13, 21-14 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। ये भारतीय जोड़ी का साल का तीसरा खिताब है। इससे पहले भारत की स्टार युगल जोड़ी ने इंडोनेशिया सुपर 1000 और स्विस ओपन सुपर 500 का खिताब अपने नाम किए थे।
सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी कोरिया ओपन की जीत का जश्न मनाते हुए
पहले गेम में की खराब शुरुआत
पहले गेम की शुरुआत दोनों ने बेहद खराब की और ब्रेक तक 5-11 अंक से पिछड़ गए। ब्रेक के बाद भारतीय जोड़ी ने वापसी की कोशिश की और 12 अंक हासिल किए लेकिन गेम अपने नाम करने के लिए वो भी नाकाफी साबित हुए। पहला गेम इंडोनेशिया की जोड़ी ने 21-17 से जीत लिया।
दूसरे तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने मचाया धमाल
पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में सात्विक और चिराग की जोड़ी ने शानदार वापसी की। दोनों ने शुरुआती बढ़त बनाई और उसे गेम अपने नाम करने तक कायम रखा। दूसरा गेम भारतीय जोड़ी ने 21-13 से अपने नाम किया और 1-1 से बराबरी कर ली। तीसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया और 21-14 के अंतर से गेम और मैच अपने नाम किया।
