IPL 2023, RCB vs RR: क्रिकेट के मिनी कुंभ माने जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रविवार (14 मई, 2023) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को बुरी तरह से रौंद डाला। मैच के बाद राजस्थान टीम के मेन कोच कुमार संगकारा (श्रीलंकाई मूल के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान) ने कबूला कि उनकी टीम ने पावर प्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए थे और शायद उसी वक्त मुकाबला खत्म हो गया था।
IPL 2023, RCB vs RR: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा हैं। (फोटोः AP/IANS)
कोच की राय में राजस्थान के बैट्समैन आसानी से घुटने टेक चुके थे, जिससे बेंगलोर टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट लेकर मैच को उनकी पहुंच से दूर कर दिया था। संगकारा के मुताबिक,‘‘यह खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन था। हम अच्छी गेंदबाजी के कारण 170 के करीब उन्हें रोकने में सफल रहे थे। इस पिच पर इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता था।’’
बकौल संगकारा, ‘‘मुझे लगता है कि हम पावरप्ले में बहुत अधिक प्रयास कर रहे थे। हम यह सोच कर उतरे थे कि पावरप्ले में अधिक रन बनायेंगे। हम जरूरत से ज्यादा सकारात्मक होने की कोशिश कर रहे थे। यह साझेदारी बनाने के बारे में था लेकिन दुर्भाग्य से हमने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिये और हमारे लिये शायद मैच तभी खत्म हो गया था।’’
दरअसल, आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल के अर्धशतक के बाद वेन पार्नेल की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से टीम ने जयपुर में एकतरफा टी-20 मुकाबले में राजस्थान को 112 रन से मात दी। इस जीत से आरसीबी ने प्ले ऑफ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदें जीवंत रखी हैं। टीम 12 मैच में 12 अंक के साथ फिलहाल पांचवें स्थान पर है। रॉयल्स भी 12 अंक के साथ छठे स्थान पर हैं लेकिन उसने 13 मैच खेले हैं।
