Pickleball World Cup 2024: पेरू में होने वाले पिकलबॉल विश्व कप 2024 से पहले भारतीय फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल विश्व कप से पहले भारतीय पिकलबॉल संघ (IPA) ने पिकलबॉल विश्व रैंकिंग (PWR) की साझेदारी में पिकलबॉल विश्व कप में हिस्सा लेने का ऐलान किया है। पेरू की राजधानी लीमा में 22 से 27 अक्टूबर के बीच आयोजित किए जाने वाले पिकलबॉल विश्व कप 2024 में दो टीम भेजने के लिए आमंत्रित किया गया है।
पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन पेरू में होगा
आईपीए और गुजरात राज्य पिकलबॉल संघ ने अहमदाबाद में ट्रायल का आयोजन किया था। इसमें भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए नौ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ओपन कैटेगरी के लिए टीम इंडिया की कप्तानी धीरेन पटेल करेंगे और इसमें शीर्ष खिलाड़ी हिमांश मेहता, सूरज देसाई, रक्षिका रवि और अंशी शेठ शामिल हैं। सीनियर 50+ वर्ग में नोज़र अमलसदीवाला, किरण सालियान, बेला कोटवानी और सुजय पारेख जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल होंगे।
पिकलबॉल वर्ल्ड रैंकिंग के संस्थापक प्रणव कोहली ने टीम इंडिया को समर्थन देने के बारे में अपनी खुशी व्यक्त की। कोहली ने कहा कि "मुझे विश्वास है कि ये खिलाड़ी हमें गौरवान्वित करेंगे और कप लेकर लौटेंगे।" वहीं आईपीए के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह भुल्लर ने कहा कि "भारतीय पिकलबॉल संघ के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसे विश्व कप में दो टीमें भेजने के लिए आमंत्रित किया गया है। हमें इन खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि वे भारत को गौरवान्वित करेंगे।"
बता दें कि पीडब्लूआर (PWR) भारत में समाचार और मनोरंजन के क्षेत्र के लीडर टाइम्स ग्रुप और पिकलबॉल एशिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक साझेदारी है। जुलाई 2024 में PWR, PWR वर्ल्ड सीरीज (PWS) और PWR वर्ल्ड टूर को दुबई में लॉन्च किया गया था, जिसमें गल्फ कॉरपोरेशन काउंसिल (GCC) को फरवरी 2025 में पहली PWR वर्ल्ड सीरीज के लिए मेजबान क्षेत्र के रूप में घोषित किया गया। PWR ने हाल ही में PWR DUPR इंडियन टूर एंड लीग की भी घोषणा की थी। ये भारत के लिए एक भव्य पिकलबॉल टूर और लीग है।
पूर्व विश्व नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी आंद्रे अगासी आधिकारिक तौर पर PWR DUPR इंडियन टूर एंड लीग को हरी झंडी दिखाने के लिए जनवरी 2025 में भारत आएंगे। PWR DUPR इंडिया टूर का पहला PWR 700 इवेंट 24 से 27 अक्टूबर 2024 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। जैसे-जैसे टीमें पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2024 की तैयारी कर रही हैं, भारतीय पिकलबॉल समुदाय में इसे लेकर जमकर उत्साह है। हम खिलाड़ियों को पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2024 के लिए शुभकामनाएं देते हैं।
