
India vs Wales Hockey, Match Highlights, Hockey World Cup 2023: भारत ने वेल्स की दी पटखनी, क्रासओवर मुकाबले पर टिका क्वार्टर फाइनल का टिकट
India vs Wales Hockey Match Highlights, Hockey World Cup 2023 Final Score: हॉकी विश्व कप 2023 में भारतीय टीम ने पूल डी के अपने आखिरी मुकाबले में वेल्स को 4-2 के अंतर से मात देकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के बावजूद भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंच सकी। इसके लिए भारत को वेल्स को 8 गोल के अंतर से मात देनी थी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इंग्लैंड की टीम 2 जीत एक ड्रॉ और 9 गोल अंतर के साथ ग्रुप डी में टॉप पर रही और क्वार्टर फाइनल में पहुंची। भारतीय टीम को अब क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए क्रासओवर मुकाबले में 22 तारीख को ग्रुप सी में तीसरे पायदान पर रही टीम को मात देनी होगी। तभी उसका 48 साल से हॉकी विश्व कप में चल रहा पदकों का सूखा खत्म हो सकेगा।भारत और वेल्स के बीच मुकाबला भारत के दबदबे के साथ शुरू हुआ। पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारत ने शानदार वापसी करते हुए 2-0 की बढ़त हासिल कर ली और तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भी गोल के साथ की। लेकिन तीसरे क्वार्टर के अंत में वेल्स ने जवाबी हमला करते हुए दो मिनट में दो गोल करके स्कोर को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। ऐसे में भारतीय प्रशंसकों और टीम की सांसे रुक गईं। लेकिन चौथे क्वार्टर में भारत ने शानदार वापसी की और दो और गोल करके मुकाबला 4-2 से अपने नाम कर लिया। जीत का ये अंतर सीधे क्वार्टर फाइनल में टीम को पहुंचाने के लिए नाकाफी रहा। मैच में भारत के लिए दो गोल आकाशदीप सिंह ने किए। वहीं एक-एक गोल शमशेर सिंह और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए। वेल्स के लिए गोल गेराथ फुरलॉग और जैकब ड्रैपर ने किए।