स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। IND vs ENG Hockey World Cup Match: हॉकी वर्ल्ड कप में धमाकेदार आगाज करने के बाद अब टीम इंडिया के सामने इंग्लैंड की चुनौती है। सोमवार, 17 अगस्त को जब भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी तब उसकी निगाहें 32 साल से अंग्रेजों के खिलाफ चले आ रहे जीत के सूखे को समाप्त करने पर होंगी। भारत पूल डी में अपना दूसरा मुकाबला खेलेगा।
इंडिया बनाम इंग्लैंड हॉकी वर्ल्ड कप मैच।
भारत और इंग्लैंड के बीच हॉकी मैच का समय- आज 17 अगस्त 2026 को भारत और इंग्लैंड के बीच का मैच शाम 6:30 बजे शुरू होगा। इंडिया ने जहां अपने पहले मुकाबले में वेल्स को हराया है तो वहीं, इंग्लैंड ने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से शिकस्त दी है। ऐसे में पूल D में टॉप-2 में जगह बनाए रखने के लिए भारत और इंग्लैंड के बीच एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए इस मैच का नतीजा नॉकआउट स्टेज तक पहुंचने के उनके रास्ते पर बड़ा असर डाल सकता है।
32 साल से नहीं जीता है भारत
विश्व कप में भारत का इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है और आखिरी बार उसे 1994 में सिडनी में पांचवें-छठे स्थान के मुकाबले में एक गोल से जीत मिली थी। इसके बाद 1998 में यूट्रेक्ट में दोनों टीमों का सामना नहीं हुआ, लेकिन अगले तीन विश्व कप (2002, 2006 और 2010) में इंग्लैंड ने भारत को 3-2 के अंतर से हराया।
भुवनेश्वर में 2018 में दोनों टीमों की टक्कर नहीं हुई और 2023 में पिछले विश्व कप में दोनों ने गोलरहित ड्रॉ खेला था। पूल डी में इसी मैच से पहले और दूसरे स्थान की टीम का निर्धारण हो सकता है। भारत को इसके बाद पाकिस्तान से 19 अगस्त को खेलना है।
भारत में FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 लाइव कहां देखें (IND vs ENG Hockey Match Live Streaming)
FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध होगी। हॉकी वर्ल्ड कप के मैच भारत में Star Sports Select 2 (SD+HD), Star Sports Khel और DD Sports (DD Free Dish) टीवी चैनलों पर भी लाइव टेलीकास्ट किए जाएंगे।
