नई दिल्ली: देश में खेल के बुनियादी ढांचे के तेजी से हो रहे विकास और पिछले कुछ वर्षों में डोपिंग के खिलाफ उठाए गए कड़े कदमों को रेखांकित करते हुए भारत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के भविष्य मेजबान आयोग के साथ ऑनलाइन बैठक में 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना 'दृष्टिकोण और प्रस्तावित रोडमैप' पेश किया।
ओलंपिक खेल 2036 की मेजबानी के लिए विजन पेश करता भारतीय दल
पीटी ऊषा और रघुराम अय्यर ने पेश किया विजन
अहमदाबाद की तैयारियों पर 30 मिनट की प्रस्तुति का नेतृत्व भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा और उसके सीईओ रघुराम अय्यर ने किया। इसके बाद कोलिंडा ग्राबर कितारोविच की अध्यक्षता वाले नौ सदस्यीय भविष्य मेजबान आयोग के साथ संक्षिप्त चर्चा हुई। एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार, प्रस्तुति के बाद करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान आयोग के सदस्यों ने भारत की प्रस्तावित बजट योजना, खेल स्थलों को टिकाऊ बनाने के उपायों, डोपिंग मुक्त खेल, खिलाड़ियों के अनुभव और देश में ओलंपिक आंदोलन को इन खेलों से मिलने वाले लाभ से जुड़े सवाल पूछे।
सकारात्मक रही बात, आयोग ने जाननी चाही ये बात
सूत्र ने पीटीआई से कहा,'आयोग के सभी सदस्य दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से ऑनलाइन प्रस्तुति में शामिल हुए। बातचीत सकारात्मक रही। बुनियादी ढांचे के विकास के अलावा हमने प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए उठाए जा रहे कड़े डोपिंग रोधी कदमों की जानकारी भी दी। आयोग यह जानना चाहता था कि खेलों के आयोजन के बाद खेल स्थल खाली नहीं पड़े रहें, इसके लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। भारत के जवाब से आयोग संतुष्ट था और हमारी योजना को लेकर उसका रुख भी सकारात्मक रहा।' भारत ने डोपिंग की जांच में काफी तेजी की है और कानून बनाकर डोपिंग को अपराध की श्रेणी में लाने की दिशा में भी काम कर रहा है जिसके तहत खिलाड़ियों को प्रतिबंधित पदार्थ उपलब्ध कराने वालों के लिए जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान होगा।
प्रस्तावित मेजबान शहर की तैयारियों की दी गई जानकारी
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मुख्यालय में हुई बैठक में हिस्सा लिया। वह कह चुके हैं कि डोपिंग की समस्या से युद्ध स्तर पर निपटा जाएगा। भारत पिछले तीन वर्षों से विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की सूची में सबसे अधिक डोपिंग उल्लंघन करने वाले देशों में शीर्ष पर रहा है। बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में आईओए ने कहा कि प्रस्तुति में प्रस्तावित मेजबान शहर अहमदाबाद की तैयारियों की जानकारी दी गई। आईओए ने कहा,'इसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का भारत का अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास की योजनाएं और खेलों के आयोजन को लेकर दीर्घकालिक दृष्टिकोण भी शामिल था।'लंबा रास्ता अभी तय करना है, ये तो शुरुआत है
बैठक के बाद आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर ने कहा,'अभी शुरुआती दौर है। हमें लंबा रास्ता तय करना है और काफी तैयारियां करनी हैं।' वह बोली प्रक्रिया के मौजूदा चरण के बाद आने वाले तीन चरणों का जिक्र कर रहे थे। भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी 2036 खेलों की मेजबानी की दौड़ में हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार तुर्किये आयोग के सामने अपनी पहली प्रस्तुति दे चुका है।
गोपनीय सर्वेक्षण कराएगा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ
प्रस्तुतीकरण के बाद आईओसी भारत की दावेदारी पर आम जनता की राय जानने के लिए एक 'गोपनीय सर्वेक्षण' कराएगा। यह सर्वेक्षण दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है। अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इसकी अहम भूमिका होगी। इसके बाद रणनीतिक संवाद का चरण शुरू होगा। इस चरण में दावेदारी पेश करने वाले देशों को भविष्य मेजबान आयोग की प्रश्नावली और प्रमुख वित्तीय गारंटी के संबंध में अपनी प्रारंभिक प्रतिक्रिया देनी होगी।
इन हस्तियों ने लिया बैठक में भाग
बृहस्पतिवार को हुए प्रस्तुतीकरण में मांडविया के अलावा भारतीय दल का प्रतिनिधित्व खेल सचिव हरि रंजन राव, उषा, आईओसी में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी, आईओए खिलाड़ी आयोग की प्रमुख और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी और आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर सहित अन्य अधिकारियों ने किया। प्रस्तुति का नेतृत्व उषा और अय्यर ने किया जबकि नीता अंबानी के शुरुआती संबोधन के बाद अन्य लोगों ने भी बीच-बीच में अपनी बात रखी। अहमदाबाद की दावेदारी का एक प्रमुख आधार यह है कि उसे पहले ही 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिल चुकी है और 2036 ओलंपिक तक वहां बड़े पैमाने पर खेल बुनियादी ढांचा पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
अहमदाबाद करेगा इन खेलों की भी मेजबानी
गुजरात का यह शहर 2029 में द्विवार्षिक विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों की भी मेजबानी करेगा। भारत ने जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच 15 से अधिक शहरों में 36 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की। देश को 2027 और 2028 में होने वाली 19 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी मिली है। वर्ष 2028 में आईओसी की निर्णय प्रक्रिया का अंतिम चरण ’टारगेटेड डायलॉग’ शुरू होगा। इस दौरान आईओसी सदस्यों को आयोग की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके बाद 2029 के मध्य में आईओसी का कार्यकारी बोर्ड उन पसंदीदा मेजबानों का चयन करेगा जिनके नाम 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के मेजबान का फैसला करने के लिए आईओसी सत्र के सामने रखे जाएंगे।
कई पहलुओं के आधार पर किया जाएगा मेजबान का चयन
किर्स्टी कोवेंट्री की अध्यक्षता वाले आईओसी ने कहा है कि दावेदारी का मूल्यांकन कई तकनीकी पहलुओं के आधार पर किया जाएगा। कोवेंट्री ने पिछले महीने कहा था,'खेलों का आयोजन चाहे कहीं भी हो, एक बात कभी नहीं बदलनी चाहिए। हम जो भी करें, उसके केंद्र में खिलाड़ी होने चाहिए। ' भारत ने 2024 में इन खेलों की मेजबानी के लिए अपना रुचि पत्र (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) सौंपा था।
