अंडर-20 एशियन रग्बी 7s चैंपियनशिप के लिए हुई महिला और पुरुष टीम की घोषणा

बिहार में आयोजित होने वाले अंडर-20 रग्बी 7s चैंपियनशिप के लिए महिला और पुरुष टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टूर्नामेंट का आयोजन 9-10 अगस्त को बिहार के राजगीर खेल परिसर में किया जाएगा।

बिहार के राजगीर खेल परिसर में पहली बार आयोजित होने वाली एशिया रग्बी U20 रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025 के लिए भारत की महिला और पुरुष रग्बी टीम की घोषणा कर दी गई। यह टूर्नामेंट 9-10 अगस्त को खेला जाएगा। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि टीम की घोषणा कर दी गई है। टीमों का चयन बीते 3 जुलाई को कोलकाता में भारतीय खेल प्राधिकरण के नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र में शुरू हुए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के बाद किया गया।

u20 rugby team

एशिया रग्बी चैंपियनशिप (साभार-X)

इस टूर्नामेंट में टीमें एशिया की कुछ मजबूत रग्बी टीमों के खिलाफ उतरेंगी। पुरुष वर्ग में भाग लेने वाली टीमों में भारत, चीन, यूएई, हांगकांग चीन, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया शामिल हैं वहीं महिला वर्ग में, नेपाल ने मलेशिया की जगह ली है। श्री शंकरण ने आगे कहा कि भारतीय रग्बी टीम में बिहार की 4 और 2 पुरुष खिलाड़ी का चयनित होना बिहार के लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है। यह बिहार के अन्य खिलाड़ियों का हौसला भी काफी बढ़ायेगा। भारतीय महिला टीम में बिहार की आरती, अंशू, अल्पना और गुरिया तथा पुरुष टीम में गोल्डन और सागर का नाम शामिल है।

End of Feed