नई दिल्ली: एएम ग्रीन आईजीपीएल (इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग) ने शनिवार को एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता गोल्फर प्रणवी उर्स के लिए एक करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। प्रणवी एशियाड में गोल्फ का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। लीग ने साथ ही रजत पदक जीतने वाली प्रणवी, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय महिला टीम के लिए 25-25 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।
प्रणवि उर्स (फोटो क्रेडिट @India_AllSports X)
खत्म हुआ 24 साल का इंतजार
आईजीपीएल की ओर से प्रणवी के लिए एक करोड़ के पुरस्कार का ऐलान करते हुए लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, भारत को एशियाई खेलों में गोल्फ का गोल्ड मेडल जीतने के लिए 24 साल तक इंतजार करना पड़ा और आज प्रणवी ने हमें यह जीत दिलाई। जिस तरह से उन्होंने यह जीत हासिल की, वह उनके बारे में बहुत कुछ बताता है। फाइनल राउंड में एक होल पर उनकी बढ़त कम हो गई थी, फिर भी उन्होंने वापसी की और जीत हासिल की, जबकि ज्यादातर खिलाड़ी ऐसी स्थिति में हार मान लेते। अदिति, दीक्षा और प्रणवी ने टीम सिल्वर मेडल भी जीता है, इसलिए यह भारतीय महिला गोल्फ के लिए एक बड़ा दिन है। मुझे खुशी है कि एएम ग्रीन आईजीपीएल उन्हें पुरस्कार देने के लिए तत्काल आगे आया है। गोल्फ देखने वाले हर युवा खिलाड़ी को यह पता होना चाहिए कि जब आप भारत के लिए अच्छा खेलते हैं, तो लोग आपका समर्थन करते हैं।'
6 साल की उम्र में की थी गोल्फ की शुरुआत
प्रणवी उर्स का जन्म 15 अप्रैल, 2003 को कर्नाटक के मैसूर में हुआ था। उन्होंने अपने पिता और भाई को देखकर गोल्फ खेलना महज 6 साल की उम्र में शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने जूनियर और एमेच्योर सर्किट में कई खिताब जीते और साल 2020 में प्रोफेशनल गोल्फर के रूप में शुरुआत की। उन्होंने लेडीज यूरोपियन टूर सहित कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत में ये भी पढ़ें: Asian Games: गोल्ड जीतने वाली भारत की पहली महिला गोल्फर बनने पर क्या बोलीं प्रणवी उर्स
एशियाई खेलों में जीता एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल
एशियाई खेलों में महिलाओं की व्यक्तिगत स्ट्रोकप्ले स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला गोल्फर बनीं। इसके बाद इन्होंने अदिती अशोक और दीक्षा डागर के साथ महिलाओं की टीम स्पर्धा का सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया। एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल के साथ उन्होंने 20वें एशियाई खेलों में सफलता का नया इतिहास रचा।
(डेवलपिंग स्टोरी)
