स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यूथ ओलंपिक में भारत की इकलौती तीरंदाज गाथा खडाके सोमवार को यहां खेले गए कड़े क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अमेरिका की छठी वरीयता प्राप्त यीउन वांग से शूट-ऑफ में हारकर महिला व्यक्तिगत रिकर्व (U-18) प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। पांच सेटों के कड़े मुकाबले के बाद स्कोर 5-5 से बराबर रहा। इसके बाद हुए शूट-ऑफ में दोनों तीरंदाजों ने 9-9 अंक हासिल किए, लेकिन वांग का तीर निशाने के केंद्र के ज्यादा करीब होने के कारण वह जीत गईं।
तीरंदाज गाथा यूथ ओलंपिक से बाहर। फोटो- यूथ ओलंपिक
तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने शानदार शुरुआत की और पहला सेट 29-27 से जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद, दूसरे सेट में गाथा ने दो बार 8 अंक हासिल किए, जिससे वांग ने वापसी करते हुए सेट 29-25 से जीत लिया और स्कोर बराबर कर दिया। गाथा ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी की। उन्होंने 29 अंक बनाए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ने 25 अंक हासिल किए। इससे गाथा ने 4-2 की बढ़त फिर से हासिल कर ली।
चौथा सेट निर्णायक साबित हुआ। वांग ने 27 अंकों के साथ सेट जीता, जिसमें उन्होंने एक बार 10 अंक भी हासिल किए। वहीं, गाथा ने 26 अंक बनाए, जिससे स्कोर 4-4 से बराबर हो गया। पांचवें सेट में दोनों तीरंदाजों ने 28-28 अंक बनाए, जिससे मुकाबला 5-5 की बराबरी पर शूट-ऑफ में पहुंच गया।
एक तीर वाले टाई-ब्रेकर में दोनों ने 9-9 अंक हासिल किए, लेकिन वांग का तीर निशाने के केंद्र के ज्यादा करीब होने के कारण वह आगे रहीं और जीत दर्ज की। इससे पहले दिन में, गाथा ने बुल्गारिया की नेडा केंडारोवा को 6-0 (28-27, 25-23, 27-26) से सीधे सेटों में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
वहीं, भारत की उभरती हुई धाविका शौर्या अंबुरे ने युवा ओलंपिक में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। महाराष्ट्र की 17 वर्षीय शौर्या ने रविवार को यहां 13.59 सेकंड का समय निकालकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शौर्या इन खेलों में एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं।
