French Open 2024: क्वार्टरफाइनल में पहुंची पीवी सिंधू, थमा किदांबी श्रीकांत का सफर

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 8, 2024, 12:01 AM IST

पीवी सिंधू फ्रेंच ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। वहीं किदांबी श्रीकांत को प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।

पेरिस: भारतीय स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधू ने गुरुवार को यहां फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की बेवेन झांग पर तीन गेम की जीत से महिला एकल क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया जबकि किदाम्बी श्रीकांत का सफर खत्म हो गया। घुटने की चोट से वापसी के बाद अपना पहला बीडब्ल्यूएफ टूर टूर्नामेंट खेल रही दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने पहले गेम में पिछड़ने के बाद दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी झांग को 13-21, 21-10, 21-14 से पराजित कर सत्र के पहले क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी। अब दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू का सामना ओलंपिक चैम्पियन और दूसरी वरीय चीन की चेन यु फेई और डेनमार्क की लिने क्रिस्टोफरर्सन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

PV Sindhu

पीवी सिंधू (साभार PV Sindhu)

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने बुधवार को चीनी ताइपे के चोऊ टिएन चेन को हराकर कमाल दिखाया था लेकिन राउंड 16 में चीन के गुआंग जू से 78 मिनट में 21-19, 12-21, 20-22 से हार गये। इससे पहले श्रीकांत का चीन के खिलाड़ी के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 5-0 था।

End of Feed