Record: 14 साल की जेंसी कानाबर ने तोड़ा सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड, पिछले साल जीता था ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब

चौदह वर्ष की जेंसी कानाबर पेशेवर एकल फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

कोलकाता: चौदह वर्ष की जेंसी कनाबर पेशेवर एकल फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी बन गईं जिन्होंने सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। गुजरात की जेंसी ने नीदरलैंड की फ्लोरेंटाइन डेकेर्स को एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 कोलकाता टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 6-1, 6-0 से हराया। चौदह वर्ष 11 महीने की जेंसी का सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया की प्रिस्का मेडेलिन नुगरोहो से होगा। सानिया ने 2002 में रिकॉर्ड बनाया था जब वह 15 वर्ष और 10 महीने की उम्र में हैदराबाद आईटीएफ एकल फाइनल में पहुंची थी।

Jensi Kanabar

जेंसी कनाबर (फोटो क्रेडिट AITA)

चारों मुकाबलों में नहीं गंवाया है कोई सेट

जेंसी ने अब तक चारों मुकाबले एक भी सेट गंवाये बिना जीते हैं। पहले मैच में हमवतन रिया सचदेवा को 6-1, 6-2 से हराने के बाद उन्होंने डेनमार्क की एलेना जे को 6- 3, 6-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने रूस की मारिया कालयाकिना को 7-6, 6-2 से मात दी थी। दूसरे सेमीफाइनल में नुगरोहो ने थाईलैंड की कामोंवान योडपेच को 6-1, 6-4 से हराया।

कौन हैं जेंसी कनाबर?

जेंसी कनाबर गुजरात के जूनागढ़ की उभरती हुई टेनिस खिलाड़ी हैं। जूनागढ़ में बिना किसी बड़ी एकेडमी में प्रशिक्षण हासिल किए बगैर जेंसी ने टेनिस में ये मुकाम हासिल किया है। उनके पिता दीपकभाई कनाबर केमिस्ट्री के टीचर रहे हैं। वो जर्मनी की पूर्व धाकड़ टेनिस खिलाड़ी स्टेफी ग्राफ के फैन रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में स्थानीय कोर्ट पर जेंसी रोजाना लगभग 7 घंटे अभ्यास करती हैं और आज उनकी ये मेहनत रंग लेकर आई। जेंसी कनाबर ने पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में महिलाओं का अंडर-14 एकल खिताब अपने नाम किया था। वो ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनी थीं। इसके एक साल बाद उन्होंने सीनियर वर्ग में अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड कर लिया है। सीनियर करियर का पहला बड़ा धमाल उन्होंने सानिया मिर्जा का रिकॉर्ड तोड़कर किया है। इसके साथ ही अब उनका नाम भारतीय खेल प्रेमियों की जबान पर दर्ज हो गया है।

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed