फीफा पर हुआ साइबर हमला, हैकरों ने बनाई निजी और कारोबारी जानकारी तक पहुंच

फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा कि वह साइबर हमले का शिकार हुआ है। इस दौरान हैकरों ने उसकी 'सीमित व्यक्तिगत और कारोबारी जानकारी तक पहुंच बना ली।

ज्यूरिख: फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने कहा है कि वह साइबर हमले का शिकार हुआ है जिसमें हैकरों ने उसकी 'सीमित व्यक्तिगत और कारोबारी जानकारी’’ तक पहुंच बना ली। फीफा ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को भेजे बयान में कहा,'फीफा कानून प्रवर्तन एजेंसियों सहित संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।'

FIFA Cyberattack News Alert

फीफा सायबर अटैक (फोटो क्रेडिट AI Generated)

फीफा ने यह नहीं बताया कि साइबर हमला कब हुआ और हैकरों ने किस तरह की जानकारी हासिल की। पिछले सप्ताह ’हैंडसम ब्वॉय हैकिंग क्लब’ नाम के एक समूह ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक स्क्रीनशॉट साझा किया था जिसमें फीफा की कथित फाइलें दिखाई गई थीं। इसके तीन दिन बाद समूह ने एक पोस्ट के जवाब में इस साइबर हमले की जिम्मेदारी लेने का संकेत दिया। उस पोस्ट में दावा किया गया था कि 12 गीगाबाइट से अधिक आंतरिक दस्तावेज लीक हुए हैं।

फीफा ने अपने बयान में कहा,'फीफा सूचना की अवैध तरीके से चोरी और उसके प्रकाशन की कड़ी निंदा करता है विशेषकर व्यक्तिगत डेटा के मामले में। इस तरह की गतिविधियां निजता का गंभीर और अस्वीकार्य उल्लंघन हैं तथा इससे प्रभावित व्यक्तियों को बड़े परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।'

यह साइबर हमला ऐसे समय हुआ है जब फीफा और उसके अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की एक गोपनीय योजना को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं। इस योजना के तहत विश्व कप में निजी निवेशकों को हिस्सेदारी बेचने की कोशिश की गई थी जिसे बाद में रोक दिया गया। इन्फेंटिनो फीफा अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल 2031 तक करने की कोशिश में भी जुटे हैं। 18 मार्च को होने वाले चुनाव में उनके अलावा जापान के कोहजो ताशिमा और फ्रांस के फिलिप डियालो भी उम्मीदवार हैं।

(भाषा)

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed