India Semi-Final Qualification Scenario In Hockey World Cup 2026: एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में भारत की महिला और पुरुष टीमें, दोनों ही अपना दमखम दुनिया को दिखा रही हैं और शानदार प्रदर्शन के साथ एक-एक कदम लेकर आगे बढ़ती जा रही हैं। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम (India Men's Hockey Team) की बात करें तो उसने ग्रुप चरण में सबसे पहले वेल्स को शिकस्त दी, फिर दूसरे मुकाबले उसे इंग्लैंड से हार मिली, जबकि बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ चर्चित मैच में शानदार जीत के साथ दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। बेशक भारतीय टीम दूसरे राउंड में पहुंच गई है, लेकिन क्या सेमीफाइनल तक का रास्ता आसानी से तय कर सकेगी, ये बड़ा सवाल है, क्योंकि आगे की राह काफी कठिन होने वाली है।
भारतीय हॉकी टीम अब हॉकी विश्व कप सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकती है (X/HockeyIndia)
पाकिस्तान के खिलाफ हरमनप्रीत सिंह की भारतीय हॉकी टीम ने 5-3 से जीत दर्ज करते हुए पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली, लेकिन ये फैंस के लिए चिंता का विषय होगा कि अब भारतीय हॉकी टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बहुत कम बची हैं। भारतीय टीम ग्रुप में 6 अंक और +2 के गोल अंतर (Goal Difference) के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि इंग्लैंड 9 अंक (11 के GD के साथ) के साथ आगे रहा।
भारत का अब तक का अभियान
इतिहास में सिर्फ एक बार विश्व कप ट्रॉफी उठाने वाली भारतीय हॉकी टीम अपने दूसरे खिताब का सपना लेकर यहां पहुंची है। उसने पहले मैच में वेल्स के खिलाफ 3-1 से जीत हासिल की तो लगा कि शानदार आगाज के बाद भारतीय टीम अपने कदम अब तेजी से आगे बढ़ाएगी, हालांकि ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि इंग्लैंड की हॉकी टीम 'स्पीड ब्रेकर' बनी और उसने भारत को 4-2 से हराते हुए अंक तालिका में भी मजबूती हासिल कर ली। यही वो हार थी जिसने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए आगे की राह मुश्किल कर दी पांच दशकों में पहला मेडल जीतने का उनका सपना अब कठिन राह से होकर जाने वाला है।
दूसरे राउंड में पहुंचकर भी क्यों मुश्किल है भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें?
इसकी प्रमुख वजह है हॉकी वर्ल्ड कप का नया फॉर्मेट, जिसे इसी साल पहली बार लागू किया गया है, इसके हिसाब से देखें तो भारतीय टीम विश्व कप से लगभग बाहर हो चुकी है। आपको बताते चलें कि कि अब ग्रुप स्टेज के बाद एक और राउंड-रॉबिन स्टेज होता है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। पहले राउंड के बाद ग्रुप स्टेज होता था। अब अगले चरण में, हर ग्रुप की दो टीमें मिलकर एक नया ग्रुप बनाएंगी। ग्रुप D की दोनों टीमें (भारत और इंग्लैंड), ग्रुप A की दो टीमों (नीदरलैंड्स और अर्जेंटीना/जापान) के साथ मिलकर ग्रुप E का हिस्सा बनेंगी।
अगले चरण में कौन किससे खेलेगा, क्या होगा फॉर्मेट?
इस अगले चरण में, हर टीम दूसरे ग्रुप की दो टीमों के साथ खेलेंगी, यानी भारत और इंग्लैंड का मुकाबला नीदरलैंड के साथ-साथ अर्जेंटीना या जापान से होगा, जबकि क्वालिफाई करने वाली दो टीमों के बीच हुए मैच के अंक और गोल का अंतर आगे भी गिने जाएंगे।
तो अब क्या है ताजा गणित?
ताजा हालातों के मुताबिक इंग्लैंड 3 अंकों और +2 गोल अंतर के साथ टक्कर देना शुरू करेगा, जबकि भारत बिना किसी अंक और -2 गोल अंतर के साथ शुरुआत करेगा। वहीं, अगर नीदरलैंड जापान को हरा देता है, तो वे भी 3 अंक और +2 गोल अंतर के साथ दूसरे स्टेज की शुरुआत करेंगे क्योंकि उन्होंने अर्जेंटीना को 3-1 से हराया था। इसका मतलब है कि एशियाई और दक्षिण अमेरिकी दिग्गज टीमें तभी क्वालिफाई कर सकती हैं जब वे अपने दोनों मैच जीतें।
कब-कब हैं भारत के अगले मैच?
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अगले राउंड के मैच 22 अगस्त से शुरू होंगे। पहला मैच 22 अगस्त (शनिवार) को मेजबान नीदरलैंड हॉकी टीम के खिलाफ आयोजित होगा। जबकि, भारत अपना दूसरा मैच 24 अगस्त (सोमवार) को अर्जेंटीना के खिलाफ खेलने उतरेगा। दोनों ही कड़ी टक्कर देने वाली टीमें हैं और अंक तालिका में भारतीय टीम की स्थिति वैसे ही अच्छी नहीं है, इसलिए भारतीय हॉकी टीम को अब कुछ अद्भुत करके दिखाना होगा ताकि सारी गणित धरी की धरी रह जाए और सेमीफाइनल के दरवाजे भारत के लिए आसानी से खुल सकें।
