ओलंपियन दीपा करमाकर डोप परीक्षण में विफल रहने के कारण 21 महीने का प्रतिबंध झेलने के बाद वापसी के लिए तैयार हैं और वह भुवनेश्वर में 11 और 12 जुलाई को होने वाले एशियाई खेलों के जिम्नास्टिक चयन ट्रायल में भाग लेंगी। उनके कोच बिश्वेश्वर नंदी ने सोमवार को यह जानकारी दी। ट्रायल्स के लिए नंदी भी दीपा के साथ भुवनेश्वर जाएंगे। एशियाई खेलों के लिए विभिन्न राज्यों के 40 जिमनास्ट ट्रायल्स में भाग लेंगे।
दीपा करमाकर (साभार-Instagram)
नंदी ने पीटीआई से कहा,‘विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के डोप परीक्षण में नाकाम रहने के कारण पिछले 18 महीनों से खेल से बाहर रहीं दीपा करमाकर भुवनेश्वर में एशियाई खेलों के ट्रायल्स में भाग लेने के लिए तैयार है। उसका प्रतिबंध 10 जुलाई को पूरा हो जाएगा।’ 29 साल की दीपा का नाम मई में जिमनास्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी सूची में था। उन पर लगे बैन की समयसीमा 10 जुलाई को खत्म हो जाएगी।
