दक्षिणेश्वर सुरेश ने अच्छी शुरूआत की लेकिन लय कायम नहीं रख सके और दक्षिण कोरिया के सून वू क्वोन ने तीन सेटों में उन्हें हराकर भारत के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर्स दूसरे दौर के मुकाबले में शुक्रवार को मेजबान टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। दक्षिणेश्वर शुरूआत में आत्मविश्वास से भरे दिखे लेकिन क्वोन ने धीरे धीरे लय पकड़ी। भारतीय खिलाड़ी को 6-3, 3-6, 4 -6 से पराजय का सामना करना पड़ा। अब भारत की उम्मीदों का दारोमदार सुमित नागल पर है जो दूसरे एकल मुकाबले में हियोन चुंग से खेलेंगे।
दक्षिणेश्वर सुरेश हारे, दक्षिण कोरिया को मिली 1-0 की बढ़त (X/AITA_Tennis)
पिछले साल पदार्पण के बाद से दक्षिणेश्वर की यह पहली हार है। शुक्रवार से पहले तक उन्होंने तीन एकल और एक युगल मुकाबला जीता था। दोनों देश अंतिम आठ में जगह बनाने वाली पहली एशियाई टीम बनने की कोशिश में हैं। पहले सेट के बाद क्वोन ने अपनी रणनीति बदली लेकिन दक्षिणेश्वर इसका कोई जवाब नहीं दे पाये क्योंकि कोरियाई खिलाड़ी ने बाहर की ओर और उनके बैकहैंड की ओर सर्विस करना शुरू कर दिया। उनके दमदार रिटर्न की वजह से दक्षिणेश्वर मैच पर पहले की तरह हावी नहीं हो सके।
दक्षिणेश्वर ने वॉली विनर के साथ पहला ब्रेक पॉइंट हासिल किया और जब क्वोन ने बैकहैंड शॉट नेट में मारा तो उन्होंने इसे भुनाते हुए बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी ने जल्दी ही 3-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद हालांकि क्वोन ने लय पकड़ना शुरू किया । दूसरे ’डबल फॉल्ट’ पर चौथे गेम में वह 0-30 से पिछड़ गए लेकिन जल्दी ही बड़े सर्व से वापसी की। कभी-कभी ’डबल फॉल्ट’ होने के बावजूद क्वोन ने लय बनाये रखी और 1-4 के स्कोर पर एक अहम गेम जीतकर पहला सेट बचाए रखा। इसके बाद सातवें गेम में उन्होंने दक्षिणेश्वर को ’ड्यूस’ तक पहुँचाया जिन्होंने गेम जीतकर 5-2 की बढ़त बनाए रखी।
क्वोन ने कुछ ढीले शॉट का फायदा उठाया लेकिन बैकहैंड पर एक शॉट नेट में जाने और रिटर्न पर गलती से दक्षिणेश्वर को पहला सेट प्वाइंट मिला । क्वोन ने वॉली पर विनर लगाकर उसे बचाया । दक्षिणेश्वर ने ऐस लगाकर पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में क्वोन ने अच्छी वापसी की लेकिन दक्षिणेश्वर ने फोरहैंड पर विनर लगाकर 1-1 से बराबरी की। क्वोन ने आक्रामक सर्विस जारी रखी और चौथे गेम में दो ब्रेक प्वाइंट बनाये। दक्षिणेश्वर ने पहला ऐस लगाकर और दूसरा सिर के ऊपर से वॉली विनर लगाकर बचाया।
आखिरकार क्वोन का दबाव काम आया और गेम ’ड्यूस’ पर पहुँच गया। भारतीय खिलाड़ी ने एक शानदार बैकहैंड विनर के साथ एक ब्रेक पॉइंट बचाया, लेकिन क्वोन ने दूसरे मौके को बैकहैंड विनर में बदलकर 4-2 की बढ़त बना ली। क्वोन ने आठवें गेम में 10-0 की बढ़त बना ली और दक्षिणेश्वर का रिटर्न बाहर जाने पर दूसरा सेट अपने नाम कर लिया। तीसरे सेट में दक्षिणेश्वर दबाव में दिखे और क्वोन ने उनकी लय तोड़कर यह सेट और मैच जीत लिया।
(भाषा)
