क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मैनचेस्टर यूनाइटेड का टूटा नाता, दिग्गज फुटबॉलर ने क्लब को बताया था 'धोखेबाज'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 23, 2022, 12:03 AM IST

Cristiano Ronaldo and Manchester United Part Ways: दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक इंटरव्यू में अपने क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने क्लब पर धोखा देने का भी इल्जाम लगाया था। अब रोनाल्डो और मैनचेस्टर यूनाइटेड की राहें जुदा हो गई हैं।

स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड का नाता टूटा गया है। दोनों ने आपसी समझौते के बाद यह फैसला किया है। रोनाल्डो तत्काल प्रभाव से क्लब छोड़ रहे हैं। दिग्गज खिलाड़ी ने हाल ही में पियर्स मॉर्गन को टीवी इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने अपने क्लब और कोच एरिक टेन हैग की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने मैनेचस्टर यूनाइटेड को 'धोखेबाज' करार देते हुए कहा कि उसके सीनियर अधिकारियों ने उन्हें बाहर करने का प्रयास किया।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फाइल फोटो)

क्लब ने रोनाल्डो पर जारी किया बयान

क्लब ने अपने एक बयान में कहा, 'क्रिस्टियानो रोनाल्डो आपसी सहमति से तत्काल प्रभाव से मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ रहे हैं। क्लब दो सीजन बिताने और जबरदस्त योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा करता है। उन्होंने टीम के लिए 346 मैचों में 145 गोल किए। उनके और उनके परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।' क्लब ने कहा, 'मैनचेस्टर यूनाइटेड में हर किसी का एरिक टेन हैग के तहत टीम की प्रगति को जारी रखने और सफलता हासिल के लिए मिलकर काम करने पर ध्यान केंद्रित है।'

पांच बार के बैलन डी'ओर विजेता रोनाल्ड ने पिछले साल क्लब में वापसी की थी। फैंस रोनाल्डो के दोबारा क्लब से जुड़ने पर काफी खुश थे। हालांकि, पूर्तगाल के फुटबॉलर और क्लब मैनेजमेंट के रिश्ते तल्ख रहे। रोनाल्डो से ‘पियर्स मॉर्गन अनसेंसर्ड’ कार्यक्रम के दौरान पूछा गया था कि क्या उन्हें लगता है यूनाइटेड के कुछ शीर्ष अधिकारी उन्हें बाहर करने की कोशिश कर रहे थे, उन्होंने कहा, 'हां, केवल कोच ही नहीं बल्कि क्लब के तीन-चार अन्य अधिकारी भी। मैं ऐसा महसूस कर रहा हूं जैसे मुझे धोखा दिया गया।'

End of Feed