डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज यश दयाल आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हालांकि, उनके बाहर होने का कारण निजी बताया जा रहा है। इससे पहले यश दयाल का ट्रेनिंग सेशन से अनुपस्थित रहना और टीम बस के बैनर पर उनका नाम न होना उनके ना खेलने की अटकलों को पहले ही हवा दे रहा था। अब आरसीबी ने इसकी पुष्टि भी कर दी है।
यश दयाल (साभार-X)
आरसीबी के टीम निदेशक मो बोबाट ने आईपीएल 2026 सीजन से दयाल के हटने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे निजी कारणों से टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनका कांट्रैक्ट अब भी लागू है। उन्होंने कहा, "वे एक निजी समस्या से गुजर रहे हैं। विवादों में रहने वाले यश दयाल हाल ही में विवाह बंधन में बंधे हैं। कुछ महीने पहले उन पर एक नाबालिग से बलात्कार का आरोप लगा था और उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद यूपीसीए ने उन्हें घरेलू क्रिकेट से दरकिनार कर दिया था और उन्हें पूरे सीजन में खेलने का मौका नहीं मिला था। यूपीसीए ने TOI से बात करते हुए कहा था कि उनके खिलाफ मामला चल रहा था, इसलिए उन्हें नहीं चुना गया। मुझे याद है कि सितंबर में CoE से उनके बारे में पूछताछ करने के लिए फोन आया था, लेकिन हम यश दयाल से कोई संपर्क स्थापित नहीं कर पाए। हाल ही में उनकी शादी जानी-मानी कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर से हुई है।
यश दयाल को आरसीबी ने 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उनके आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 43 आईपीएल मैच में 41 विकेट चटकाए हैं। उनका बेस्ट स्पेल 20 रन देकर 3 विकेट है। पिछले सीजन उन्होंने 13 विकेट लेकर आरसीबी को पहली ट्रॉफी में दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार टीम के पास ट्रॉफी डिफेंड करने की चुनौती है। आरसीबी अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी।
आरसीबी की आईपीएल 2026 टीम: रजत पाटीदार, विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।
