मुंबई: विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के दूसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 60 रन के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी की कप्तान मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था जिसे मेग लेनिंग और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने गलत साबित कर दिया।
स्मृति मंधाना और मेग लेनिंग(साभार RCB)
लेनिंग(72) और शेफाली (84) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 162 रन की साझेदारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 223 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन बना सकी। मंधाना आरसीबी की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं और उन्होंने 35 रन बनाए।
तेज गेंदबाजी के पहलू पर करना होगा काम
पहले ही मुकाबले में हार का सामना करने के बाद आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, हम जैसी शुरुआत चाहते थे वैसी नहीं मिली। हमने काफी ज्यादा रन लुटा दिये, तकरीबन 20 से 30 रन ज्यादा दिये। हम अपनी योजनाओं पर फिर से काम करेंगे और मजबूत वापसी करेंगे। तेज गेंदबाजी आक्रमण के नजरिए से हम देखें तो दिल्ली की टीम जैसा प्रदर्शन नहीं कर सके। ये एक ऐसा पहलू है जिसके बारे में हमें विचार करके काम करना होगा।
मुंबई के खिलाफ करेंगे मजबूत वापसी
लगातार दो मुकाबले खेलने के बारे में मंधाना ने कहा, हमें दूसरी लीग्स में इस तरह लगातार मैच खेलने की आदत है। हम इस मैच से सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को निकालेंगे। हमारे पास इस बारे में चर्चा करने के लिए कुछ घंटे हैं जिससे कि हम मजबूत वापसी कर सकें।'सोमवार को मुंबई इंडियन्स और आरसीबी के बीच भिड़ंत होगी।
शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे
पिच के बारे में आरसीबी की कप्तान ने कहा, मुझे नहीं लगता है कि दोनों पारियों में पिच के व्यवहार में कोई बदलाव हुआ। हमारे बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वो इसे जारी रखकर बड़ी पारी नहीं खेल सके। मुझे और हीदर नाइट को शुरुआत तो अच्छी मिली लेकिन हम इसे बड़ी पारी में तब्दील करके 20वें ओवर तक नहीं ले जा सके। जिसकी जरूरत हमें थी।
