कोच्चि: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में टीमों की संख्या बढ़ाने के लिए बोर्ड को ’कुछ विचार विमर्श सत्र’ आयोजित करने होंगे। डब्ल्यूपीएल की शुरुआत 2023 में हुई थी और तब से इसमें पांच टीम ही भाग लेती रही हैं।
देवजीत सैकिया
टीमों की संख्या में बढ़ोत्तरी के साथ इन मसलों पर भी करेंगे चर्चा
सैकिया ने बुधवार को यहां नीलामी के दौरान डब्ल्यूपीएल वेबसाइट को बताया,'अगले साल से हमें निश्चित रूप से टीमों की संख्या बढ़ाने के अलावा उन क्षेत्रों को लेकर भी विचार विमर्श सत्र आयोजित करने होंगे जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है। केवल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि कई अन्य क्षेत्र भी इसमें शामिल हैं। कोच, चयनकर्ता आदि से लेकर विभिन्न हितधारक इसका हिस्सा हैं।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: WPL 2027 की नीलामी के बाद जानिए कैसी हैं मुंबई इंडियन्स, आरसीबी, यूपी वॉरियर्स, गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें
डब्लूपीएल ने बनाया महिला क्रिकेट पर दबदबा
सैकिया ने कहा कि डब्ल्यूपीएल ने चार साल में काफी लंबा सफर तय किया है और लीग ने अब महिला क्रिकेट पर दबदबा बना दिया है। उन्होंने कहा,'आईपीएल के बाद डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी क्रिकेट की प्रमुख लीग में से एक है। हमने चार वर्षों में काफी लंबा सफर तय किया है और अब हम महिला क्रिकेट में अपना दबदबा बना रहे हैं। डब्ल्यूपीएल ने भारत में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।'
नीलामी का ऐसा रहा हाल
आईपीएल के पांचवें सीजन के लिए हुई नीलामी में 25 खिलाड़ियों के लिए बोली लगी। कुल 27 खिलाड़ियों के लिए जगह पांच टीमों में खाली थीं। ऐसे में सभी टीमों ने 7 विदेशी सहित कुल 25 खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह दी। हालांकि सभी टीमों के पास पर्स में कुछ राशि शेष थी लेकिन उन्होंने इसका उपयोग नहीं किया।
